1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. CM योगी करेंगे गीडा में लेबर डॉर्मिटरी का शिलान्यास, मजदूरों को मिलेगा सस्ता आवास और भोजन

CM योगी करेंगे गीडा में लेबर डॉर्मिटरी का शिलान्यास, मजदूरों को मिलेगा सस्ता आवास और भोजन

गीडा सेक्टर-15 में 3.42 करोड़ रुपये से आधुनिक लेबर डॉर्मिटरी बनेगी। CM योगी आदित्यनाथ 29 नवंबर को शिलान्यास करेंगे। श्रमिकों को आवास, भोजन और सुरक्षा की सुविधा मिलेगी।

By: Nivedita 
Updated:
CM योगी करेंगे गीडा में लेबर डॉर्मिटरी का शिलान्यास, मजदूरों को मिलेगा सस्ता आवास और भोजन

गोरखपुर:  औद्योगिक विकास के साथ श्रमिकों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) ने नई पहल की है। गीडा के सेक्टर-15 में बाहरी कामगारों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त लेबर डॉर्मिटरी यानी श्रमिक आवास गृह बनाया जाएगा। करीब 3 करोड़ 42 लाख रुपये की लागत से तैयार होने वाली इस परियोजना का शिलान्यास मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 29 नवंबर को गीडा के 37वें स्थापना दिवस समारोह में करेंगे। इस आवासीय परिसर में श्रमिकों के रहने, खाने, स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

गीडा सेक्टर-15 में बनेगा आधुनिक श्रमिक आवास गृह

गीडा प्रशासन की योजना के अनुसार सेक्टर-15 औद्योगिक योजना में स्थित साइट कार्यालय परिसर के उत्तरी हिस्से में लगभग 693 वर्ग मीटर जमीन पर लेबर डॉर्मिटरी का निर्माण कराया जाएगा। यह भवन जी-प्लस-टू मॉडल पर तैयार होगा, यानी इसमें भूतल के अलावा दो मंजिलें होंगी। औद्योगिक क्षेत्र में लगातार बढ़ रही कामगारों की संख्या को देखते हुए इस परियोजना को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। गीडा की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में पूर्वांचल के दूसरे जिलों और अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में श्रमिक काम करने आते हैं। ऐसे कामगारों को सुरक्षित और किफायती आवास उपलब्ध कराना इस योजना का प्रमुख उद्देश्य है।

रहने और खाने के लिए मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

गीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विशाल कुमार के अनुसार, श्रमिक आवास गृह में कामगारों की दैनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यहां आरामदायक बेड, स्वच्छ भोजन तैयार करने के लिए आधुनिक कम्युनिटी किचन और सामूहिक भोजन के लिए बड़ा डाइनिंग हॉल बनाया जाएगा। इसके अलावा परिसर में शुद्ध पेयजल, आधुनिक शौचालय और स्नानघर की व्यवस्था भी होगी। इससे बाहर से आने वाले श्रमिकों को रहने और भोजन के लिए अलग-अलग जगहों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

महिला और पुरुष श्रमिकों के लिए अलग आवासीय व्यवस्था

लेबर डॉर्मिटरी में महिला और पुरुष कामगारों की सुविधा और निजता को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग आवासीय खंड बनाए जाएंगे। दोनों के लिए आवश्यक सुविधाओं की अलग व्यवस्था होगी। स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को देखते हुए परिसर में मेडिकल और फर्स्ट एड रूम भी बनाया जाएगा। यहां श्रमिकों को प्राथमिक चिकित्सा की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है।

Read More –  भोपाल में CM मोहन यादव ने किया विशेष डाक टिकट का लोकार्पण, – RNI News

 

CCTV कैमरे और सुरक्षाकर्मियों की होगी तैनाती

श्रमिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे परिसर और आसपास के क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षाकर्मियों की तैनाती भी की जाएगी। काम के बाद श्रमिकों को आराम और मनोरंजन का अवसर मिल सके, इसके लिए परिसर में मनोरंजन से जुड़ी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।

PPP मॉडल पर होगा संचालन, किफायती दरों पर मिलेगी सुविधा

इस परियोजना का निर्माण गीडा प्रशासन अपने वित्तीय संसाधनों से कराएगा। निर्माण पूरा होने के बाद इसके रखरखाव और संचालन की जिम्मेदारी सार्वजनिक-निजी भागीदारी यानी पीपीपी मॉडल के तहत संचालित करने की योजना है।इस व्यवस्था के माध्यम से कामगारों को किफायती दरों पर रहने और भोजन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे श्रमिकों को व्यवस्थित आवास मिलेगा और औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले लोगों की बुनियादी जरूरतें पूरी करने में मदद मिलेगी।

उद्योगों को भी मिलेगा स्थायी श्रमशक्ति का लाभ

गीडा के सीईओ विशाल कुमार के अनुसार, लेबर डॉर्मिटरी बनने से औद्योगिक क्षेत्र की व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। बाहर से आने वाले कामगारों के लिए आवास की सुविधा उपलब्ध होने से उद्योगों को कुशल और स्थायी श्रमशक्ति मिलने में सहायता मिलेगी। इस परियोजना से एक ओर श्रमिकों के जीवन स्तर में सुधार की उम्मीद है, वहीं दूसरी ओर गीडा क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिल सकता है। 29 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रस्तावित शिलान्यास के साथ गीडा में श्रमिक कल्याण से जुड़ी इस परियोजना की शुरुआत होगी।

 

रिपोर्ट – अंकित श्रीवास्तव 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...