1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. हाड़ कंपाती ठंड में मजदूरों को CM योगी की सौगात, 18 शहरों में मुफ्त आश्रय

हाड़ कंपाती ठंड में मजदूरों को CM योगी की सौगात, 18 शहरों में मुफ्त आश्रय

CM योगी के निर्देश पर UP के 18 शहरों में 1 दिसंबर से मुफ्त लेबर अड्डे शुरू होंगे। मजदूरों को बिस्तर, कंबल, गर्म खाना और रात्रि विश्राम की सुविधा मिलेगी।

By: Nivedita 
Updated:
हाड़ कंपाती ठंड में मजदूरों को CM योगी की सौगात, 18 शहरों में मुफ्त आश्रय

गोरखपुर:  उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड के बीच रोजगार की तलाश में शहर आने वाले मजदूरों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश के 18 महानगरों में अस्थायी श्रमिक सुविधा केंद्र यानी लेबर अड्डे शुरू किए जाएंगे। एक दिसंबर 2026 से शुरू होने वाली इस व्यवस्था के तहत निर्माण श्रमिकों और प्रवासी मजदूरों को मुफ्त रात्रि विश्राम, बिस्तर, तकिया, चादर, कंबल और गर्म भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। खास बात यह है कि इस सुविधा का लाभ लेने के लिए श्रमिकों का श्रम विभाग में पंजीकृत होना अनिवार्य नहीं होगा।

1 दिसंबर से शुरू होगी मुफ्त लेबर अड्डे की सुविधा

श्रम विभाग की ओर से तैयार योजना के तहत एक दिसंबर 2026 से 31 जनवरी 2027 तक अस्थायी श्रमिक सुविधा केंद्र संचालित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर श्रम विभाग ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं।इस संबंध में श्रम विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. आशीष कुमार गोयल ने सभी 18 जिलों के जिलाधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। इस पहल का उद्देश्य ठंड के मौसम में काम की तलाश में आने वाले मजदूरों को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें सड़कों और खुले स्थानों पर रात गुजारने की मजबूरी न हो।

गोरखपुर समेत इन 18 शहरों में खुलेंगे श्रमिक सुविधा केंद्र

प्रदेश सरकार की इस योजना में गोरखपुर के साथ 17 अन्य शहरों को शामिल किया गया है। इनमें आगरा, अलीगढ़, अयोध्या, बरेली, फिरोजाबाद, गाजियाबाद, झांसी, कानपुर नगर, लखनऊ, मथुरा, मेरठ, मुरादाबाद, प्रयागराज, सहारनपुर, शाहजहांपुर, वाराणसी और गौतमबुद्धनगर शामिल हैं। इन शहरों में स्थानीय जरूरत और श्रमिकों की संख्या के आधार पर अस्थायी लेबर अड्डों की संख्या और स्थान तय किए जाएंगे।

बिना रजिस्ट्रेशन वाले मजदूर भी उठा सकेंगे लाभ

इस योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसका लाभ लेने के लिए श्रमिक पंजीकरण की अनिवार्यता नहीं रखी गई है। रोजगार की तलाश में दूसरे जिलों या राज्यों से आने वाले मजदूर किसी वैध पहचान पत्र के आधार पर मुफ्त रात्रि विश्राम कर सकेंगे। इसमें राजमिस्त्री, बेलदार, बढ़ई, प्लंबर, पेंटर, इलेक्ट्रिशियन, लोहार, टाइल्स कारीगर और भवन निर्माण से जुड़े अन्य श्रमिकों के साथ प्रवासी मजदूर भी शामिल होंगे। इसके अलावा सुविधा केंद्रों पर तत्काल श्रमिक पंजीकरण और सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने की व्यवस्था भी की जाएगी।

रेलवे स्टेशन और बस अड्डों के पास बनेंगे आश्रय केंद्र

मजदूरों को इन केंद्रों तक पहुंचने में परेशानी न हो, इसके लिए रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, श्रमिक मंडियों, बड़े निर्माण स्थलों और औद्योगिक क्षेत्रों के आसपास जगह चिह्नित की जाएगी। जरूरत के अनुसार 30 या 60 बेड की क्षमता वाले अस्थायी आश्रय केंद्र बनाए जा सकेंगे। इसके लिए जीआई शीट, बांस-बल्ली और टिन शेड से अस्थायी ढांचे तैयार किए जाएंगे। इसके अलावा उपयुक्त सरकारी या निजी भवन किराये पर लेकर भी इनका संचालन किया जा सकेगा।महिला और पुरुष श्रमिकों के लिए अलग-अलग सुरक्षित ठहरने की व्यवस्था होगी।

बिस्तर, कंबल और गर्म खाना भी मिलेगा मुफ्त

कड़ाके की ठंड से बचाने के लिए श्रमिक सुविधा केंद्रों पर गद्दे, चादर, तकिया और पर्याप्त संख्या में कंबल उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके साथ 24 घंटे स्वच्छ पेयजल, शौचालय और स्नानघर की सुविधा भी मिलेगी। रात में ठहरने वाले पात्र मजदूरों को ताजा, गर्म और पौष्टिक भोजन भी निशुल्क दिया जाएगा। भोजन की व्यवस्था सामुदायिक रसोई, स्वयं सहायता समूहों या अधिकृत स्थानीय एजेंसियों के माध्यम से होगी। इसके लिए प्रति श्रमिक अधिकतम 70 रुपये खर्च निर्धारित किया गया है। ठंड से बचाव के लिए सुरक्षित हीटिंग की व्यवस्था भी की जा सकेगी। हालांकि, इसमें अग्नि सुरक्षा और विद्युत सुरक्षा के नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा।

Read More –  CM योगी करेंगे गीडा में लेबर डॉर्मिटरी का शिलान्यास, मजदूरों को मिलेगा सस्ता आवास और भोजन – RNI News 

 

18 जिलों को 10-10 लाख रुपये का अग्रिम बजट

योजना के संचालन के लिए उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के उपकर कोष से धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। शासन की ओर से प्रत्येक चयनित जिले को अग्रिम तौर पर 10 लाख रुपये जारी किए गए हैं।

बेड की क्षमता के अनुसार दो महीने के संचालन का बजट इस प्रकार निर्धारित किया गया है:

30 बेड वाले केंद्र: कुल 5.92 लाख रुपये, जिसमें 5 लाख रुपये आवास और अन्य व्यवस्थाओं तथा 92 हजार रुपये भोजन पर खर्च होंगे।
60 बेड वाले केंद्र: कुल 8.32 लाख रुपये, जिसमें 6.50 लाख रुपये आवास और अन्य व्यवस्थाओं तथा 1.82 लाख रुपये भोजन के लिए निर्धारित हैं।
निगरानी के लिए तैनात होंगे नोडल अधिकारी

श्रमिक सुविधा केंद्रों की व्यवस्थाओं में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी की जाएगी। जिलाधिकारी की ओर से नामित नोडल अधिकारी और श्रम विभाग के वरिष्ठ अधिकारी समय-समय पर केंद्रों का निरीक्षण करेंगे।श्रमिकों की संख्या और भोजन वितरण का रिकॉर्ड दैनिक उपस्थिति रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा। इसके अलावा जियो-टैग तस्वीरों के माध्यम से व्यवस्थाओं और लाभार्थियों का सत्यापन भी किया जाएगा। प्रत्येक केंद्र के प्रवेश द्वार पर योजना का नाम, बेड की क्षमता, उपलब्ध सुविधाएं, केयरटेकर और नोडल अधिकारी का मोबाइल नंबर प्रदर्शित किया जाएगा।

मजदूरों को ठंड में मिलेगी सुरक्षित छत

योगी सरकार की इस पहल का उद्देश्य सिर्फ मजदूरों को रात में ठहरने की जगह देना नहीं, बल्कि उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान का भी ध्यान रखना है। रोजगार की तलाश में घर से दूर आने वाले श्रमिकों को अब सर्द रातों में खुले आसमान के नीचे सोने की मजबूरी से राहत मिलने की उम्मीद है। गोरखपुर समेत प्रदेश के 18 शहरों में यह व्यवस्था दो महीने तक संचालित होगी। इससे निर्माण श्रमिकों और प्रवासी कामगारों को सर्दी के मौसम में बड़ी राहत मिल सकती है।

 

रिपोर्ट – अंकित श्रीवास्तव 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...