1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. अमझेरा में अनोखी श्रद्धांजलि: मां की स्मृति में 5 हजार पौधे भेंट, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

अमझेरा में अनोखी श्रद्धांजलि: मां की स्मृति में 5 हजार पौधे भेंट, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

धार जिले के अमझेरा में शर्मा परिवार ने अपनी दिवंगत मां की स्मृति में 5 हजार पौधे जिला प्रशासन को भेंट किए। वन विभाग ने इन पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी ली है। यह पहल पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का प्रेरणादायक उदाहरण बनी है।

By: Nivedita 
Updated:
अमझेरा में अनोखी श्रद्धांजलि: मां की स्मृति में 5 हजार पौधे भेंट, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

धार जिले के ग्राम अमझेरा में एक परिवार ने अपनी दिवंगत माता को अनोखे तरीके से श्रद्धांजलि देकर पूरे क्षेत्र में मिसाल कायम की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से प्रेरित होकर शर्मा परिवार ने अपनी माता कमलादेवी शर्मा की स्मृति में 5 हजार पौधे जिला प्रशासन को भेंट किए।

तेरहवीं पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश

माता कमलादेवी शर्मा की तेरहवीं के अवसर पर उनके पुत्र अश्विन शर्मा, अरुण शर्मा और अविनाश शर्मा ने करीब एक लाख रुपये मूल्य के पौधे जिला प्रशासन को सौंपे। इन पौधों को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में रोपित कर संरक्षित किया जाएगा। परिवार का कहना है कि इन वृक्षों के माध्यम से उनकी मां की स्मृति सदैव जीवित रहेगी और यह समाज को पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देगा।

वन विभाग ने ली संरक्षण की जिम्मेदारी

कार्यक्रम में जिला वनमंडलाधिकारी विजयानंथम टी.आर. विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह समाज के लिए प्रेरणादायक कदम है। उन्होंने पौधों के संरक्षण और देखभाल की जिम्मेदारी वन विभाग द्वारा लेने की घोषणा भी की।

 

जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों की मौजूदगी

इस अवसर पर सरदारपुर से वन विभाग अधिकारी शैलेंद्र सोलंकी, जिला पत्रकार संघ अध्यक्ष पंडित छोटू शास्त्री, समाजसेवी अशोक जैन, भाजपा जिला मंत्री कमल यादव, धार प्रेस क्लब अध्यक्ष ज्ञानेंद्र त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।

मातृ सम्मान और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

यह अनोखी पहल मातृ सम्मान और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक बन गई है। पूरे जिले में इस कार्य की सराहना हो रही है और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण माना जा रहा है।

 

रिपोर्ट – ज्ञानेंद्र त्रिपाठी धार

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...