शाजापुर जिले में नेशनल हाईवे-52 पर शुक्रवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। मक्सी और शाजापुर के बीच गोलवा स्थित होटल जैन पथ पर खड़ी इंटरसिटी एसी वोल्वो बस में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में एक 4 साल के मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई यात्रियों की जान बाल-बाल बची।
जानकारी के अनुसार इंटरसिटी वोल्वो बस इंदौर से गुना जा रही थी। रास्ते में रात करीब 12 बजे बस होटल जैन पथ पर रुकी थी। बस में कुल 36 यात्री सवार थे। कुछ यात्री नीचे उतर चुके थे, जबकि कई लोग बस के अंदर सो रहे थे। इसी दौरान अचानक बस में आग भड़क उठी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। बच्चे की मां उसे बाहर निकालने की कोशिश कर रही थी, लेकिन भगदड़ के बीच उसका हाथ छूट गया और मासूम बस के अंदर ही फंस गया। आग तेजी से फैलने के कारण उसे बाहर नहीं निकाला जा सका और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रारंभिक जानकारी में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। बस में रखा यात्रियों का सामान, कपड़े और अन्य कीमती वस्तुएं जलकर राख हो गईं।
हादसे के दौरान होटल संचालक और आसपास मौजूद लोगों ने बहादुरी दिखाते हुए बस के कांच तोड़कर करीब 22 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के बाद कुछ सोने के गहने और अन्य सामान होटल संचालक ने तराना पुलिस को सौंप दिए।
घटना के बाद तराना से फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, लेकिन दमकल वाहन करीब आधे घंटे बाद मौके पर पहुंचा। इसे लेकर यात्रियों और स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना था कि समय पर मदद पहुंचती तो नुकसान कम हो सकता था।
बस में आग लगने के कारण नेशनल हाईवे-52 पर दोनों तरफ का ट्रैफिक कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। इससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और यातायात को सामान्य कराया।