भोपाल में पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में महिला कांग्रेस ने शनिवार को जोरदार प्रदर्शन किया। नानके पेट्रोल पंप पर आयोजित इस विरोध कार्यक्रम में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नाराजगी व्यक्त की।
महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अनोखा विरोध करते हुए स्कूटी को धक्का लगाकर पेट्रोल पंप तक “धक्का मार्च” निकाला। इस दौरान महिलाओं ने महंगाई और ईंधन की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र एवं राज्य सरकार पर निशाना साधा।

प्रदर्शन के दौरान रीना बोरासी ने कहा कि सरकार के “अच्छे दिनों” का परिणाम यह है कि अब आम जनता को पेट्रोल भरवाने के बजाय वाहनों को धक्का लगाना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इसी तरह कीमतें बढ़ती रहीं तो लोग मजबूरी में पैदल चलने या अन्य साधनों का सहारा लेने को मजबूर हो जाएंगे।
महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई को आम जनता के लिए गंभीर समस्या बताते हुए पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कमी की मांग की। प्रदर्शन के दौरान सरकार विरोधी नारेबाजी भी की गई और जनता को राहत देने की मांग दोहराई गई।