श्योपुर जिले के सलमानिया साइलो केंद्र पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर गेहूं खरीदी बाधित होने से किसानों में भारी आक्रोश देखने को मिला। मंगलवार को हजारों किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में गेहूं लेकर केंद्र पहुंचे, लेकिन खरीदी की धीमी प्रक्रिया और अव्यवस्थाओं के चलते लंबी कतारें लग गईं।
किसानों के अनुसार सलमानिया साइलो केंद्र पर करीब 1500 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां कई दिनों से गेहूं लेकर खड़ी हैं। किसानों का आरोप है कि शासन ने गेहूं खरीदी की अंतिम तारीख 23 मई तय की है, लेकिन साइलो प्रबंधन क्षमता पूरी होने का हवाला देकर खरीदी प्रक्रिया प्रभावित कर रहा है।
स्थिति बिगड़ने पर किसान नेता राधेश्याम मीणा मूंड़ला मौके पर पहुंचे। किसानों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। विरोध के दौरान गेहूं की तुलाई भी बंद हो गई, जिससे किसानों की परेशानी और बढ़ गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डिप्टी कलेक्टर विजय शाक्य भी मौके पर पहुंचे। किसानों ने सभी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का गेहूं समर्थन मूल्य पर खरीदे जाने और साइलो केंद्र की क्षमता बढ़ाने की मांग रखी। प्रशासन की ओर से शासन को स्थिति से अवगत कराने और समाधान निकालने का आश्वासन दिया गया।
मौके पर मौजूद सोसाइटी प्रबंधकों ने मजदूरों की कमी का हवाला देते हुए तत्काल खरीदी में असमर्थता जताई। इससे किसानों का गुस्सा और बढ़ गया। किसानों ने प्रशासन पर लापरवाही और अव्यवस्था के आरोप लगाए।
किसान नेता राधेश्याम मीणा मूंड़ला ने कहा कि किसान 45 डिग्री तापमान में कई दिनों से खुले आसमान के नीचे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ खड़े हैं, लेकिन प्रशासन उनकी समस्याओं के समाधान में गंभीर नजर नहीं आ रहा।
काफी हंगामे और प्रदर्शन के बाद दोपहर करीब 3 बजे सलमानिया साइलो केंद्र पर गेहूं खरीदी प्रक्रिया दोबारा शुरू की गई। हालांकि किसानों ने मांग की है कि प्रत्येक किसान का गेहूं समर्थन मूल्य पर खरीदा जाना सुनिश्चित किया जाए।