खरीफ 2026 फसल सीजन को ध्यान में रखते हुए कृषि विभाग द्वारा विभिन्न विभागीय योजनाओं के अंतर्गत किसानों को उन्नत और प्रमाणित बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उपसंचालक कृषि **आर.एल. जामरे** ने बताया कि जिले में जनप्रतिनिधियों के माध्यम से बीज वितरण का कार्य किया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक किसानों को योजनाओं का लाभ मिल सके।
कृषि विभाग द्वारा नेशनल मिशन ऑन इडिबल ऑयल (एनएमईओ) योजना के तहत किसानों को प्रमाणित सोयाबीन बीज वितरित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य तिलहन उत्पादन बढ़ाना और किसानों की आय में वृद्धि करना है।
मध्यप्रदेश राज्य मिलेट मिशन योजना के अंतर्गत किसानों को ज्वार के प्रमाणित बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य मोटे अनाजों के उत्पादन को बढ़ावा देना और पोषण सुरक्षा को मजबूत करना है।

दलहन में आत्मनिर्भरता मिशन योजना के तहत किसानों को अरहर, मूंग और उड़द के उन्नत किस्मों के बीज वितरित किए जा रहे हैं। विभाग का लक्ष्य दलहन उत्पादन में वृद्धि कर किसानों को बेहतर आर्थिक लाभ उपलब्ध कराना है।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे विभागीय योजनाओं का अधिकतम लाभ लेकर प्रमाणित बीजों का उपयोग करें, जिससे उत्पादन क्षमता बढ़े और खेती अधिक लाभकारी बन सके।