पलेरा (टीकमगढ़)। जनपद पंचायत पलेरा अंतर्गत ग्राम पंचायत लहर बुजुर्ग के ग्राम पथरीगढ़ के ग्रामीणों ने गांव में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) जनपद पंचायत पलेरा को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने आंगनवाड़ी केंद्र, प्राथमिक विद्यालय और पेयजल व्यवस्था शुरू कराने की मांग करते हुए शीघ्र कार्रवाई की अपील की।
ग्रामीणों के अनुसार, ग्राम पथरीगढ़ में लगभग 300 से 400 की आबादी निवास करती है, जहां 40 से 50 परिवार रहते हैं। इसके बावजूद गांव में आज तक न तो आंगनवाड़ी केंद्र संचालित है और न ही प्राथमिक विद्यालय की सुविधा उपलब्ध है। इसके कारण छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं और अन्य हितग्राहियों को आवश्यक सेवाओं के लिए ग्राम पंचायत मुख्यालय लहर बुजुर्ग जाना पड़ता है, जिससे उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने ज्ञापन में यह भी बताया कि गांव में पेयजल संकट गंभीर बना हुआ है। पर्याप्त और नियमित पेयजल उपलब्ध नहीं होने के कारण लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए परेशानी झेलनी पड़ रही है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पथरीगढ़ में जल्द से जल्द आंगनवाड़ी केंद्र और प्राथमिक विद्यालय की स्थापना की जाए तथा स्थायी पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उनका कहना है कि इससे बच्चों, गर्भवती महिलाओं और अन्य पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ गांव में ही मिल सकेगा और उन्हें दूसरे गांवों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करेगा, ताकि गांव के लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।