Madhya Pradesh News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्यप्रदेश राज्य दंत परिषद के हीरक जयंती समारोह (Diamond Jubilee Celebration) में दंत चिकित्सकों की भूमिका की सराहना की है। जिसमें उन्होंने कहा कि दांत न केवल शरीर की सुंदरता बढ़ाते हैं, बल्कि व्यक्ति के व्यक्तित्व और आत्मविश्वास को भी निखारते हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के युवाओं को रोजगार देने और सरकारी भर्तियों को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
भोपाल में आयोजित मध्यप्रदेश राज्य दंत परिषद (Dental Council) के हीरक जयंती समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि दंत चिकित्सकों के बिना इंसान की मुस्कान और सुंदरता अधूरी है। दांत हमारे चेहरे की खूबसूरती के साथ-साथ व्यक्तित्व को भी बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री का कहना है कि बच्चे के शुरुआती दांत निकलने से लेकर अकल दाढ़ आने तक शरीर में कई प्राकृतिक प्रक्रियाएं होती हैं। दांतों को दर्द और दूसरी समस्याओं से बचाकर रखना जरूरी है। मौखिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी स्वस्थ जीवनशैली का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
सीएम मोहन यादव ने कहा कि समय के साथ दंत चिकित्सा (Dental Treatment) के क्षेत्र में काफी बदलाव आया है। आधुनिक तकनीक और नई चिकित्सा सुविधाओं की मदद से अब मरीजों को बेहतर उपचार मिल रहा है। जिसमें उन्होंने कहा कि दंत चिकित्सकों का मरीजों के साथ विश्वास और करीबी का रिश्ता होता है। जिसमें उन्होंने डॉक्टरों से अपील की कि वे समाज में दांतों की नियमित देखभाल और मौखिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। लोगों को समय-समय पर दांतों की जांच कराने और छोटी समस्याओं को नजरअंदाज नहीं करने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के युवाओं के रोजगार को लेकर भी सरकार की योजनाओं की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में करीब एक लाख पदों पर भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। इसके अलावा अगले दो वर्षों में लगभग दो लाख पदों पर भर्ती करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि युवा वर्ष के तहत मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की परीक्षाएं साल में दो बार आयोजित करने की दिशा में भी तैयारी की जा रही है। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर मिलें और भर्ती प्रक्रिया को गति दी जा सके। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने दंत चिकित्सा से जुड़े विशेषज्ञों और चिकित्सकों के योगदान की सराहना करते हुए समाज में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।
ये भी पढ़ें: इंदिरा गांधी से क्यों घबराई थीं सोनिया गांधी? जानें मामला