1. हिन्दी समाचार
  2. देहरादून
  3. मालसी जू में सफेद बाघ तेजस की हुई एंट्री, पर्यटकों को मिलेगा नया आकर्षण

मालसी जू में सफेद बाघ तेजस की हुई एंट्री, पर्यटकों को मिलेगा नया आकर्षण

देहरादून के मालसी जू में सफेद बाघ तेजस नया आकर्षण बना है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बाड़े का लोकार्पण किया। कॉलेज विद्यार्थियों को मिलेगी मुफ्त एंट्री।

By: Aparna Panwar 
Updated:
मालसी जू में सफेद बाघ तेजस की हुई एंट्री, पर्यटकों को मिलेगा नया आकर्षण

Dehradun Malsi Zoo White Tiger Tejas: उत्तराखंड में वन्यजीव पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एक नई पहल की गई है। दरसअल, देहरादून के मालसी चिड़ियाघर (Malsi Zoo) में सफेद बाघ ‘तेजस’ (White Tiger Tejas) पर्यटकों के आकर्षण का नया केंद्र बनने जा रहा है। बता दें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज गुरुवार को सफेद बाघ तेजस के बाड़े का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उसे पर्यटकों के अवलोकन के लिए समर्पित कर दिया गया। उत्तराखंड में पहली बार सफेद बाघ के आने से मालसी जू की पहचान और मजबूत होने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री का कहना है सफेद बाघ तेजस के आने से चिड़ियाघर आने वाले पर्यटकों को वन्यजीवों को करीब से देखने का नया अनुभव मिलेगा। इससे देहरादून आने वाले पर्यटकों के लिए एक नया पर्यटन आकर्षण विकसित होगा। इससे पहले भी चिड़ियाघर में दो अन्य बाघ लाए गए थे, जिन्हें देखने के लिए पर्यटकों में काफी उत्साह रहा है।

हर साल 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं मालसी चिड़ियाघर

देहरादून का मालसी चिड़ियाघर उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां हर साल करीब 8.50 लाख पर्यटक घूमने पहुंचते हैं। चिड़ियाघर से प्रतिवर्ष सात करोड़ रुपये से अधिक की आय होती है। ऐसे में सफेद बाघ तेजस के आने से पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है। इससे प्रदेश में पर्यटन से जुड़ी आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है।

कॉलेज के विद्यार्थियों को मिलेगी मुफ्त एंट्री

दरसअल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कॉलेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए भी बड़ी घोषणा की है। जिसमें उन्होंने कहा कि अब कॉलेज के विद्यार्थियों को देहरादून चिड़ियाघर में निःशुल्क प्रवेश की सुविधा दी जाएगी। इससे पहले बच्चों के लिए भी मुफ्त भ्रमण की व्यवस्था की गई थी।

सीएम ने कहा कि चिड़ियाघर केवल मनोरंजन का स्थान नहीं है, बल्कि यह वन्यजीवों, जैव विविधता और पर्यावरण को समझने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। मुफ्त प्रवेश से विद्यार्थियों को प्रकृति और वन्यजीव संरक्षण के बारे में व्यावहारिक जानकारी मिल सकेगी।

पर्यावरण संरक्षण के साथ विकास पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड पर्यावरण और भौगोलिक दृष्टि से संवेदनशील राज्य है। यहां की वन संपदा, जैव विविधता और प्राकृतिक विरासत बेहद महत्वपूर्ण हैं। इसलिए विकास कार्यों के साथ पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना भी जरूरी है। जिसमें उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इकोलॉजी और इकोनॉमी के बीच संतुलन बनाकर विकास को आगे बढ़ा रही है। ऐसे में वन्यजीवों का संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। इस अवसर पर वन मंत्री सुबोध उनियाल, प्रमुख सचिव वन आर.के. सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक कपिल लाल समेत वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें: एमपी में दो साल में 2 लाख भर्तियां, सीएम मोहन यादव का बड़ा ऐलान

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...