1. हिन्दी समाचार
  2. Ujjain
  3. उज्जैन सराफा बाजार में बदला ट्रेंड, लोग नई खरीदारी छोड़ पुरानी ज्वेलरी को दे रहे नया लुक

उज्जैन सराफा बाजार में बदला ट्रेंड, लोग नई खरीदारी छोड़ पुरानी ज्वेलरी को दे रहे नया लुक

उज्जैन के सराफा बाजार में अब लोग नई ज्वेलरी खरीदने की बजाय पुरानी ज्वेलरी को नए डिजाइन में तैयार करवाना पसंद कर रहे हैं। कारोबारियों के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बचत और जरूरत के अनुसार खरीदारी की अपील का असर बाजार में दिखाई दे रहा है। बढ़ती सोने-चांदी की कीमतों और वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए ग्राहक अब लाइटवेट ज्वेलरी और स्मार्ट शॉपिंग को प्राथमिकता दे रहे हैं।

By: Nivedita 
Updated:
उज्जैन सराफा बाजार में बदला ट्रेंड, लोग नई खरीदारी छोड़ पुरानी ज्वेलरी को दे रहे नया लुक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन बचत और जरूरत के अनुसार खरीदारी करने की अपील का असर अब उज्जैन के सराफा बाजार में भी साफ दिखाई देने लगा है। बढ़ती महंगाई और सोने-चांदी की लगातार बढ़ती कीमतों के बीच लोग अब समझदारी से खर्च करना पसंद कर रहे हैं। नई ज्वेलरी खरीदने की बजाय ग्राहक पुराने गहनों को मॉडर्न डिजाइन में तैयार करवा रहे हैं।

शादी सीजन में भी कम हुई भारी खरीदारी

उज्जैन के सराफा कारोबारियों का कहना है कि शादी-विवाह का सीजन होने के बावजूद इस बार बाजार का ट्रेंड बदला हुआ नजर आ रहा है। पहले जहां ग्राहक लाखों रुपये की भारी ज्वेलरी खरीदते थे, वहीं अब लोग हल्के वजन और बजट फ्रेंडली डिजाइन को प्राथमिकता दे रहे हैं। सराफा व्यापारी सुनील जैन के अनुसार, पहले लोग 4 से 5 लाख रुपये तक की खरीदारी करते थे, लेकिन अब ग्राहक जरूरत और बजट के हिसाब से 1 से 2 लाख रुपये तक की ज्वेलरी खरीदना ज्यादा पसंद कर रहे हैं।

वैश्विक हालात का असर सराफा बाजार पर

व्यापारियों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते तनाव, युद्ध जैसे हालात और कस्टम ड्यूटी में बढ़ोतरी का सीधा असर सोने-चांदी की कीमतों पर पड़ रहा है। आने वाले समय में गोल्ड और सिल्वर की कीमतों में और तेजी आने की संभावना जताई जा रही है। इसी कारण ग्राहक अब “स्मार्ट खरीदारी” को अपनाते हुए अनावश्यक खर्च से बचने की कोशिश कर रहे हैं।

पुरानी ज्वेलरी को नया डिजाइन देने का बढ़ा चलन

सराफा बाजार में इन दिनों री-मेक ज्वेलरी का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है। ग्राहक अपने पुराने गहनों को नई डिजाइन में तैयार करवाकर उन्हें फिर से उपयोग में ला रहे हैं। इससे नई ज्वेलरी खरीदने का खर्च कम हो रहा है और लोगों को अपनी पसंद के मॉडर्न डिजाइन भी मिल रहे हैं। व्यापारियों के अनुसार, उनकी दुकानों पर रोजाना बड़ी संख्या में ग्राहक पुरानी ज्वेलरी को नया रूप देने के लिए पहुंच रहे हैं।

ग्राहकों ने बताया बचत का बेहतर तरीका

सराफा बाजार पहुंचीं ग्राहक लता अश्वनी ने बताया कि उन्होंने नई ज्वेलरी खरीदने के बजाय पुराने गहनों को नया डिजाइन देकर तैयार करवाया है। इससे खर्च भी कम हुआ और अनावश्यक खरीदारी से बचत भी हुई। उन्होंने कहा कि अब लोग केवल ज्वेलरी ही नहीं बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी में भी बचत को महत्व देने लगे हैं। ईंधन बचाने के लिए वे और उनकी सहेलियां अलग-अलग वाहन इस्तेमाल करने की बजाय एक ही वाहन से सफर करना पसंद करती हैं।

बाजार में बढ़ रहा “स्मार्ट शॉपिंग” का ट्रेंड

उज्जैन सराफा बाजार में अब हल्के वजन की ज्वेलरी, री-डिजाइन गहने और जरूरत के हिसाब से खरीदारी का चलन तेजी से बढ़ रहा है। बदलती आर्थिक परिस्थितियों के बीच लोग अब खर्च से ज्यादा बचत और उपयोगिता को प्राथमिकता देते नजर आ रहे हैं।

 

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...