दतिया में नवागत पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल के निर्देशन में शहरभर में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत ट्रैफिक इंचार्ज सपना शर्मा ने विभिन्न चौराहों और प्रमुख मार्गों पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की।
चेकिंग अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चला रहे लोगों, आवश्यक दस्तावेज न रखने वाले चालकों और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान काटे गए। पुलिस ने मौके पर जुर्माना वसूलते हुए वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश भी दी।
अभियान के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर लगी बुलेट मोटरसाइकिलों पर विशेष निगरानी रखी गई। तेज पटाखे जैसी आवाज निकालने वाले साइलेंसर पाए जाने पर कई बाइक चालकों पर एक हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया गया। पुलिस ने मौके पर ही ऐसे साइलेंसर हटवाकर भविष्य में नियमों का पालन करने की चेतावनी दी।
टीआई सपना शर्मा ने राजगढ़ चौराहे से अभियान की शुरुआत करते हुए बम-बम महादेव चौराहा, मां पीतांबरा मंदिर मार्ग, टिगेलिया, टाउन हॉल और किला चौक सहित कई प्रमुख स्थानों का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान कई वाहन चालक पुलिस चेकिंग से बचने के लिए रास्ता बदलते और गलियों से निकलते दिखाई दिए।
वाहन चेकिंग के साथ-साथ सड़क किनारे अतिक्रमण कर रहे ठेला संचालकों और छोटे दुकानदारों को भी समझाइश दी गई। पुलिस ने सार्वजनिक मार्ग बाधित करने वालों को अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी।
शहरवासियों का कहना है कि नए एसपी के पदभार संभालने के बाद यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस का सख्त रवैया साफ नजर आने लगा है। लगातार चल रही कार्रवाई से लोगों में ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर जागरूकता भी बढ़ रही है।