पुट्टपर्थी : केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान एक दिवसीय दौरे पर आंध्र प्रदेश पहुंचे। शिवराज सिंह ने यहां आयोजित अनेक कार्यक्रमों में सहभागिता की और किसानों से सीधा संवाद भी किया।
इस दौरान शिवराज सिंह सत्य साई ज़िले के एक खेत में पहुँचे, जहाँ उन्होंने एक स्थानीय किसान से मुलाक़ात की और उनकी प्राकृतिक खेती को नज़दीक से देखा। उन्होंने खेत में उतरकर फसलों का जायज़ा लिया और खेती की पद्धतियों की जानकारी ली। शिवराज सिंह ने कहा कि किसान आंजनेय नायक जी ने यह सिद्ध कर दिखाया है कि यदि लगन और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से प्राकृतिक खेती की जाए, तो बिना सिंचाई वाले, सूखे और पथरीली ज़मीन पर भी खेती को लाभकारी बनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा पुट्टपर्थी में आज हमने एग्रीकल्चर मिनिस्टर, आंध्रप्रदेश के साथ यहाँ की एक डिस्ट्रिक्ट है, वहाँ की अपनी समस्याएं हैं, बारिश कम होती है, अक्सर सूखा पड़ता है और इसके कारण यहाँ किसान और खेती संकट में है। आंध्रप्रदेश सरकार ने अभी कई कदम उठाए हैं – ड्रिप इरिगेशन को बढ़ावा देने से लेकर, हॉर्टिकल्चर को बढ़ावा देने तक अनेक प्रकार के कदम मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू जी की सरकार ने उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि जहाँ वर्षा नहीं होती और ज़मीन उपजाऊ नहीं मानी जाती, वहाँ भी आंजनेय नायक जी ने प्राकृतिक खेती के ज़रिए सोना उगाया है। यह सभी किसानों के लिए प्रेरणा है।