1. हिन्दी समाचार
  2. कृषि मंत्र
  3. गौ-सेवा पर सीएम मोहन यादव का बड़ा प्लान, बंगाल जीत पर मोदी को दी बधाई

गौ-सेवा पर सीएम मोहन यादव का बड़ा प्लान, बंगाल जीत पर मोदी को दी बधाई

भोपाल: ग्वालियर और डबरा के पशुओं, खासकर गायों को इलाज के लिए यहां-वहां नहीं भटकना पड़ेगा। उनके लिए ग्वालियर में वेलनेस सेंटर और डबरा में नया पशु चिकित्सालय खुलेगा। इतना ही नहीं, इस वेलनेस सेंटर में पशु आहार का निर्माण भी होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 4 मई को इन सौगातों की घोषणा की। वे ग्वालियर में आयोजित राज्य स्तरीय दुग्ध उत्पादक एवं पशुपालक सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

By: BS Yadav 
Updated:
गौ-सेवा पर सीएम मोहन यादव का बड़ा प्लान, बंगाल जीत पर मोदी को दी बधाई

ग्वालियर और डबरा के पशुओं, खासकर गायों को इलाज के लिए यहां-वहां नहीं भटकना पड़ेगा। उनके लिए ग्वालियर में वेलनेस सेंटर और डबरा में नया पशु चिकित्सालय खुलेगा। इतना ही नहीं, इस वेलनेस सेंटर में पशु आहार का निर्माण भी होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 4 मई को इन सौगातों की घोषणा की। वे ग्वालियर में आयोजित राज्य स्तरीय दुग्ध उत्पादक एवं पशुपालक सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मंच से पश्चिम बंगाल के चुनाव और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी को बंगाल में जीत गौ-पालकों और गौ-माता के आशीर्वाद से मिली है। कई साल पहले ममता बनर्जी ने कंस की तरह घुसपैठिये बुलाकर देश में अराजकता फैलाने की कोशिश की। लेकिन, जनता ने एक पल में पूरा हिसाब चुकता कर दिया। सीएम डॉ. यादव ने कहा कि उनकी सरकार किसान कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में दूध उत्पादन से जुड़ी शॉर्ट फिल्म भी दिखाई गई।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज का दिन ग्वालियर के इतिहास में दर्ज हो गया है। गौ-माता में 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास होता है। सनातन संस्कृति में सबसे बड़ी सेवा गौ-सेवा है। भगवान शिव का वाहन नंदी है। गोपाल बोलते ही भगवान श्री कृष्ण आशीर्वाद देते हैं। ग्वालियर के रग-रग में राजनीति, परमार्थ, पुरुषार्थ, वीरता, धीरता, गंभीरता बसी हुई है। इस शहर के जवान सीमा पर अपनी जान हथेली पर लेकर डंटे हुए हैं। सीमा पर जवान और खेत पर किसान दोनों बराबर हैं। हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारत चहुंमुखी विकास की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनावों के लिए बधाई देता हूं। आज भाजपा के मुख्यमंत्री वाले राज्यों की संख्या 17 हो जाएगी। आज पूरा देश भाजपा और एनडीए को आशीर्वाद दे रहा है।

हमारे हक पर डाका मंजूर नहीं
सीएम डॉ. यादव ने कहा कि आज के बाद जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बंगाल पहुंचेंगे और नए मुख्यमंत्री शपथ लेंगे, तो बंगाल के विकास का नया कारवां शुरू होगा। इस तरह एनडीए का 22वां मुख्यमंत्री होगा। कितना खराब लगता है जब बांग्लादेश के घुसपैठिये भारत में आते हैं। दु्र्भाग्य के साथ कहना पड़ रहा है कि ये घुसपैठिये आते भी थे और वोट भी देते थे। कांग्रेस और ममत बनर्जी को शर्म नहीं आती, केवल अपनी कुर्सी के लिए, केवल अपने चुनाव के लिए, सत्ता के लिए क्या विदेशी लोगों से वोट डलवाओगे। जनता सब जानती है। मुझे इस बात की खुशी है कि जनता ने पूरा हिसाब चुकता कर दिया। उन्होंने कहा कि सीमा पर जवान जान की बाजी लगाकर देश और देशवासियों के लिए कर्तव्य पालन करते हैं। कोई घुसपैठिया आकर हमारे हक पर डाका डाले, यह हमें कभी मंजूर नहीं होगा।

यह वर्ष किसान कल्याण का
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 5 हजार साल पहले भी कंस ने विदेशियों को बुलाकर इस देश में अराजकता खड़ी की थी। उस दौरान भगवान कृष्ण ने दूध की ताकत से उसे उसके घर में ही मार दिया था। उन्होंने कहा कि भगवान कृष्ण ने हमें दूध और मक्खन की ताकत का अंदाजा कराया। जिनके घर गाय वो गोपाल, हमारे लिए तो घर-घर गोपाल है। यह वर्ष किसान कल्याण का है। किसान-महिलाएं-युवा-गरीब, इन चारों का विकास होने पर देश-प्रदेश का विकास अपने आप होगा। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन और भाई दूज भले ही साल में एक बार आते हों, लेकिन हम हर महीने रक्षाबंधन मनाते हैं। यह उन कांग्रेसियों और राहुल गांधी को जवाब है, जिन्होंने यह कहा था कि हम लाड़ली बहना योजना की राशि नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बहनों को कभी फूटी कौड़ी नहीं दी। हमारी सरकार ने एक हजार रुपये से यह यात्रा शुरू की थी। अभी तक हम 55 हजार करोड़ की राशि बहनों के घरों तक पहुंचा चुके हैं। इस तरह प्रति बहन के हिसाब 40 हजार रुपये खातों में जमा हो चुके हैं। जबकि, अभी इस महीने का 1500 रुपया बाकी है।

किसानों के लिए बहुत कुछ कर रही सरकार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हम किसान भाइयों के लिए भी पीछे नहीं हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसान सम्मान निधि दे रहे हैं। सरकार सभी फसलों के लिए बहुत कुछ कर रही है। इस बार गेहूं का बंपर उत्पादन हुआ है। पूरे देश में मध्यप्रदेश अलग स्थिति में है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जनता से कहा कि कांग्रेसियों से पूछो की 55 साल तुम्हारी सरकार रही, 1956 में मध्यप्रदेश बना, कांग्रेस सरकार में 100 रुपये क्विंटल गेहूं मिलता था। 2002-03 तक 400 रुपये क्विंटल गेहूं मिलने लगा। खेतों में पानी नहीं था, सड़के के ठिकाने नहीं थे, बिजली का अता-पता नहीं था, डीजल जनरेटर के लिए चक्कर लगाना पड़ता था। जबकि, आज रात में तो छोड़ो, दिन में बिजली मिल रही है। ये किसानों की मेहनत का सम्मान है। आज किसान केवल फसल के भरोसे नहीं है, उसकी आमदनी रोज दूध से भी होती है। दूध उत्पादन के लिए भी हमारी सरकार ने प्रयास किया है कि नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के साथ दूध का उत्पादन बढ़ा रहे हैं। अगर आप 25 गायों को पालने की योजना बनाकर लाओगे, तो तो हमारी सरकार 10 लाख रुपये आपको देगी। गाय भी आपकी, दूध भी आपका, कमाई भी आपकी, मुनाफा भी आपका। उन्होंने कहा कि आपकी आंखों में चमक लाने के लिए मध्यप्रदेश सरकार हर मदद करने को तैयार है। ग्वालियर-मुरैना अंचल में सबसे ज्यादा दूध का उत्पादन होता है। हमारी सरकार गाय-भैंस का दूध तो खरीदेगी ही, साथ ही उसका उचित दाम भी दिलवाएगी।

गौ-एंबुलेंस की सुविधा भी
सीएम डॉ. यादव ने कहा कि दूध उत्पादन में मध्यप्रदेश देश में तीसरे स्थान पर है। लेकिन, धीरे-धीरे करके राज्य को दूध की राजधानी बनाएंगे। हमारी सरकार गायों को सड़कों पर भटकने नहीं देगी। हम गौशालाओं को प्रति गाय 20 रुपया देते थे, अब हम 40 रुपये देंगे। हमारा कर्तव्य है गायों के लिए चारे की व्यवस्था करना। इसलिए हम बड़ी-बड़ी गौशालाएं खोल रहे हैं। ग्वालियर में 68 हजार 737 पशुपालक हैं। ग्वालियर 4 लाख से ज्यादा पशुधन की सेवा कर रहा है। यहां से 605 मीट्रिक टन दूध का उत्पादन होता है। यह अद्भुत क्षेत्र है। सीएम डॉ. यादव ने कहा कि हमने गौ-एंबुलेंस भी स्थापित की है। अगर किसी की गाय बीमार हो जाती है वह टेलीफोन से गौ-एंबुलेंस बुला सकता है। बंगाल चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि गौमाता के भक्तों को बुलाओ तो इतनी बड़ी जीत मिल जाती है। ये आपका ही कमाल है। ये गौ-माता का आशीर्वाद है। किसान भाइयों आप चिंता मत करना ये आपके भाई की सरकार है। अगर हम आपकी जमीन लेंगे तो आपको 4 गुना मुआवजा देंगे। आपका का गेहूं कहीं भी हो, आप बस स्लॉट बुक करें, हम 2625 रुपये क्विंटल में सारा गेहूं खरीदेंगे। कांग्रेस ने एक मुट्ठी गेहूं नहीं खरीदा था। ये लोग मजाक बनाते थे,

बढ़ गया दूध का कलेक्शन
कार्यक्रम में पशुपालन एवं डेयरी विभाग राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार लखन पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेत़ृत्व में विभाग ने जो नवाचार किए हैं, इसके लिए प्रदेश के पशुपालक, किसान याद करेंगे। हमारा रोज 9 लाख लीटर कलेक्शन होता था, जो आज साढ़े 12 लाख लीटर हो गया है। हम इसे कुछ वर्षों में 50 लाख लीटर ले जाएंगे। इस वर्ष हमारा कलेक्शन लगभग 3 लाख लीटर अधिक था। किसानों के खाते में ढाई से 300 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि डाली गई। जब हम 50 लाख लीटर दूध एकत्र करेंगे तो किसानों में खाते में 10 हजार करोड़ रुपये की राशि अतिरिकत जाएगी। ये प्रदेश के दुग्ध उत्पादकों के लिए एक बहुत बड़ी रकम होगी।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...