1. हिन्दी समाचार
  2. Burhanpur
  3. प्राकृतिक आपदा प्रभावित किसानों के बीच पहुंचे प्रभारी मंत्री, 4 दिन में सर्वे पूरा करने के निर्देश

प्राकृतिक आपदा प्रभावित किसानों के बीच पहुंचे प्रभारी मंत्री, 4 दिन में सर्वे पूरा करने के निर्देश

बुरहानपुर जिले में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों के बीच पहुंचे प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने फसल क्षति का जायजा लिया और अधिकारियों को 4 दिनों के भीतर पारदर्शी सर्वे पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार संकट की इस घड़ी में हर किसान के साथ खड़ी है और किसी भी पात्र किसान को राहत से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।

By: BS Yadav 
Updated:
प्राकृतिक आपदा प्रभावित किसानों के बीच पहुंचे प्रभारी मंत्री, 4 दिन में सर्वे पूरा करने के निर्देश

बुरहानपुर जिले में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों की समस्याओं को जानने और राहत कार्यों की समीक्षा के लिए प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट गुरुवार को ग्राम खामनी, टेम्भी और दर्यापुर रैयत पहुंचे। उन्होंने प्रभावित खेतों का निरीक्षण कर फसल नुकसान का जायजा लिया तथा किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है और किसी भी प्रभावित किसान को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित सभी पात्र किसानों को नियमानुसार राहत और सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

 

ग्राम टेम्भी में केला उत्पादक किसान मधुकर विश्वनाथ के खेत का निरीक्षण करते हुए सिलावट ने केला फसल को हुए नुकसान का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि बुरहानपुर प्रदेश और देश में केला उत्पादन के लिए विशेष पहचान रखता है तथा “एक जिला-एक उत्पाद” योजना के अंतर्गत केला जिले की प्रमुख फसल है। इसलिए नुकसान के आकलन और राहत वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

किसान चौपाल के दौरान प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फसल क्षति का सर्वे किसानों की उपस्थिति में, पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “न कोई गांव छूटे, न कोई किसान”। सर्वे दलों को खेतों तक पहुंचकर वास्तविक स्थिति का आंकलन करने और चार दिनों के भीतर सर्वे कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।

सिलावट ने कलेक्टर हर्ष सिंह को आरबीसी 6-4 के तहत शीघ्र प्रकरण तैयार कर राहत वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जानकारी के अनुसार जिले के करीब 169 गांवों के 4 हजार से अधिक किसान प्रभावित हुए हैं तथा लगभग 5473 हेक्टेयर क्षेत्र में फसलों को नुकसान पहुंचा है।

इस दौरान विधायक अर्चना चिटनिस ने सुझाव दिया कि सर्वे रिपोर्ट ग्राम पंचायतों में सार्वजनिक रूप से चस्पा की जाए, ताकि किसान उसकी जानकारी प्राप्त कर सकें और आवश्यक होने पर आपत्ति दर्ज करा सकें। वहीं नेपानगर विधायक मंजू दादू ने भी प्रभावित क्षेत्रों की जानकारी साझा की।

प्रभारी मंत्री ने किसानों को आश्वस्त किया कि वे स्वयं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से चर्चा कर प्रभावित किसानों को अधिकतम राहत दिलाने का प्रयास करेंगे। बुरहानपुर प्रवास के दौरान उन्होंने सार्वजनिक परिवहन का उपयोग कर जनसरोकार और मितव्ययता का संदेश भी दिया।

 

रिपोर्ट : राजू सिंह राठौड़

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...