खंडवा (मध्य प्रदेश)। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का आगामी 18 जून को ओंकारेश्वर आगमन प्रस्तावित है। इस दौरान वे ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में दर्शन एवं आरती में शामिल होंगी। इसके साथ ही वे 19 जून को अंतर्राष्ट्रीय सिकलसेल एनीमिया दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु 18 जून को दोपहर 12:30 बजे बैतूल से हेलिकॉप्टर द्वारा रवाना होकर लगभग 1:30 बजे ओंकारेश्वर पहुंचेंगी। यहां वे एनएचडीसी गेस्ट हाउस में विश्राम करेंगी।
शाम 6:20 बजे राष्ट्रपति ओंकारेश्वर और ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में दर्शन एवं आरती करेंगी। इसके बाद वे रात्रि विश्राम एनएचडीसी गेस्ट हाउस में करेंगी।

अगले दिन 19 जून को सुबह 10 बजे राष्ट्रपति अंतर्राष्ट्रीय सिकलसेल एनीमिया दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। कार्यक्रम के बाद वे सुबह 11:30 बजे ओंकारेश्वर हेलीपैड से इंदौर के लिए प्रस्थान करेंगी।