छिंदवाड़ा। जिले के बिछुआ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत किसनपुर में कुएं का पानी उपयोग करने के बाद 25 से 30 ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने पानी पीने और उससे स्नान करने के बाद हाथ-पैर में खुजली, एलर्जी और अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों की शिकायत की।
ग्रामीणों के अनुसार, पानी के उपयोग के कुछ समय बाद उसमें झाग और बदबू महसूस हुई। इसके बाद लोगों ने दोबारा जांच की तो पानी में असामान्य बदलाव दिखाई दिए, जिससे गांव में चिंता का माहौल बन गया। मामले की सूचना तत्काल प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को दी गई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान कुएं से एक संदिग्ध जहरीले पदार्थ (पॉइजन) का पाउच और मृत मछली मिलने की जानकारी सामने आई है। अधिकारियों ने पानी के नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित ग्रामीणों की जांच के लिए एंबुलेंस भेजीं। हालांकि कई ग्रामीण खुद को सामान्य बताते हुए अस्पताल जाने से बचते नजर आए। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सभी प्रभावित लोगों की स्वास्थ्य जांच कराने की तैयारी की है।

एसडीएम, बीएमओ और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। प्रशासन ने ग्रामीणों को फिलहाल कुएं का पानी पीने या उपयोग करने से बचने की सलाह दी है, जब तक जांच रिपोर्ट सामने नहीं आ जाती।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पानी दूषित कैसे हुआ और ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ने की वास्तविक वजह क्या है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।