छिंदवाड़ा जिले में कलेक्टर हरेंद्र नारायण के निर्देश और सहायक आबकारी आयुक्त बी. आर. वैद्य के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। चौरई वृत्त के अंतर्गत कपूर्दा मार्ग पर रेलवे ब्रिज के पास गश्त के दौरान यह कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान एक हुंडई वेन्यू (क्रमांक MP 28 ZA 2334) वाहन को रोककर तलाशी ली गई। वाहन से कुल 04 पेटी रॉयल स्टैग व्हिस्की, 02 पेटी ऑफिसर्स चॉइस व्हिस्की और 02 पेटी मैजिक मोमेंट ऑरेंज वोडका बरामद की गई। कुल मिलाकर लगभग 70.89 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई।
इस मामले में आरोपी प्रिंस जैन और अंकित बेलवंशी को आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) क एवं 34(2) के तहत गिरफ्तार किया गया। दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
जांच के दौरान जब्त की गई शराब और वाहन की कुल अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख 85 हजार रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई अवैध शराब के कारोबार पर बड़ी सफलता मानी जा रही है।
इस कार्रवाई के दौरान सहायक जिला आबकारी अधिकारी राजेश सिंघल, आबकारी आरक्षक सचिन श्रीवास्तव और भारती मरकाम सहित टीम के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।