दतिया जिले के उनाव थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मिनी हथियार निर्माण फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर भांडेर निवासी 55 वर्षीय अब्दुल रशीद मंसूरी उर्फ पप्पू वेल्डर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर अवैध हथियार बनाने और उनकी सप्लाई करने का गंभीर आरोप है। वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 315 बोर के तीन कट्टे, एक अधिया, दो अधबने हथियार और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया। इसमें वेल्डिंग मशीन, ड्रिल मशीन, लोहे की नाल, स्प्रिंग, रॉड, छैनी और हथौड़े सहित कई उपकरण शामिल हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले भी आर्म्स एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है। इससे पहले गिरफ्तार आरोपी नवलकिशोर झा के पास से भी हथियार और कारतूस बरामद किए गए थे, जिससे इस पूरे नेटवर्क के जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस इस अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश और जांच में जुटी हुई है। इस कार्रवाई को अवैध हथियार कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।