1. हिन्दी समाचार
  2. Indore
  3. इंदौर कांग्रेस में ‘जीतू फॉर्मूला’ लागू, संगठन सृजन अभियान बना पायलट मॉडल

इंदौर कांग्रेस में ‘जीतू फॉर्मूला’ लागू, संगठन सृजन अभियान बना पायलट मॉडल

इंदौर में कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान पूरा। जीतू पटवारी के फॉर्मूले से 335 ग्राम पंचायत और 128 वार्ड में समितियों का गठन, 10 हजार से अधिक नियुक्तियां।

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
इंदौर कांग्रेस में ‘जीतू फॉर्मूला’ लागू, संगठन सृजन अभियान बना पायलट मॉडल

इंदौर। मध्यप्रदेश कांग्रेस में संगठन सृजन अभियान के तहत लागू किया गया ‘जीतू फॉर्मूला’ इंदौर में पूरी तरह जमीन पर उतर चुका है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस फॉर्मूले को सबसे पहले अपने गृह जिले इंदौर में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू कराया था, जो अब संगठनात्मक दृष्टि से एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े के अनुसार, प्रदेश में सबसे पहले इंदौर जिले में सभी ग्राम पंचायत समितियों और वार्ड पंचायत समितियों का गठन पूर्ण कर लिया गया है। जिले की 335 ग्राम पंचायतों और 128 वार्डों में अध्यक्षों के साथ-साथ 25-25 सदस्यों की कार्यकारिणी गठित की जा चुकी है।

हर वर्ग को प्रतिनिधित्व, समन्वय से हुआ गठन

25 सदस्यीय कार्यकारिणी में युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, एससी/एसटी प्रकोष्ठ सहित कांग्रेस के सभी अनुषंगी संगठनों से एक-एक प्रतिनिधि को शामिल किया गया है। खास बात यह है कि इन नियुक्तियों में क्षेत्रीय संतुलन और सामाजिक प्रतिनिधित्व का विशेष ध्यान रखा गया। वानखेड़े ने बताया कि यह पूरा संगठनात्मक गठन ग्राम पंचायत और वार्ड स्तर पर कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय नेताओं के साथ बैठकों और आपसी समन्वय के बाद किया गया। इस प्रक्रिया में जिलेभर के लगभग 50 हजार कार्यकर्ताओं से चर्चा कर उनकी राय और सहभागिता सुनिश्चित की गई।

10 हजार से ज्यादा नियुक्तियां, कांग्रेस को मिलेगी मजबूती

इस अभियान के तहत इंदौर जिले में 10 हजार से अधिक पदों पर नियुक्तियां की गई हैं। कांग्रेस नेताओं का मानना है कि इतनी बड़ी संख्या में जमीनी स्तर पर संगठन तैयार होना पार्टी के लिए एक मजबूत आधार तैयार करेगा।

2028 विधानसभा चुनाव के लिए निर्णायक कदम

कांग्रेस में यह फॉर्मूला पहली बार इंदौर में लागू हुआ है। यदि यह मॉडल सफल रहता है, तो इसे पूरे प्रदेश में लागू किया जा सकता है। राजनीतिक जानकारों की मानें तो यह संगठनात्मक प्रयोग 2028 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के लिए निर्णायक साबित हो सकता है

जीतू पटवारी के लिए बड़ी संगठनात्मक सफलता

इंदौर में सबसे पहले संगठन गठन का कार्य पूरा होना प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के लिए एक बड़ी सफलता मानी जा रही है। इससे यह संकेत भी मिलता है कि कांग्रेस अब केवल चुनावी राजनीति नहीं, बल्कि जमीनी संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर गंभीरता से काम कर रही है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...