1. हिन्दी समाचार
  2. Indore
  3. MP News: इंदौर की पहचान संघर्षशील जनता और विकासशील सोच से है- CM डॉ. मोहन

MP News: इंदौर की पहचान संघर्षशील जनता और विकासशील सोच से है- CM डॉ. मोहन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार को स्वच्छ जल अभियान के अंतर्गत अमृत 2.0 योजना की ऐतिहासिक परियोजना इंदौर जलप्रदाय योजना (पैकेज-1) का विधिवत भूमि-पूजन किया।

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
MP News: इंदौर की पहचान संघर्षशील जनता और विकासशील सोच से है- CM डॉ. मोहन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि इंदौर निरंतर प्रगति, विकास और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ रहा है और आज देश के सबसे तेज़ी से विकसित होने वाले शहरों में शामिल है। विकास, स्वच्छता, उद्योग, व्यापार और सुशासन के क्षेत्र में इंदौर ने जो पहचान बनाई है, उस पर पूरे मध्यप्रदेश को गर्व है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर की असली पहचान उसकी संघर्षशील जनता, अदम्य हौसलों और विकासशील सोच से है, यही कारण है कि आज प्रदेश का हर जिला इंदौर जैसा बनना चाहता है।

इंदौर को 800 करोड़ से अधिक की जलप्रदाय परियोजना की सौगात

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार को स्वच्छ जल अभियान के अंतर्गत अमृत 2.0 योजना की ऐतिहासिक परियोजना इंदौर जलप्रदाय योजना (पैकेज-1) का विधिवत भूमि-पूजन किया। यह परियोजना 800 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से इंदौर की पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़, आधुनिक और दीर्घकालिक समाधान प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना इंदौर की वर्तमान ही नहीं, बल्कि भविष्य की जल आवश्यकताओं को भी ध्यान में रखकर तैयार की गई है।

मकर संक्रांति पर संवेदना और संकल्प का संदेश

मकर संक्रांति के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सभी को मंगलकामनाएँ दीं। उन्होंने भागीरथपुरा क्षेत्र में घटित जल-जनित घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत नागरिकों के प्रति संवेदना प्रकट की और श्री महाकालेश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि मकर संक्रांति केवल पर्व नहीं, बल्कि तिल-तिल करके आगे बढ़ने का संकल्प है, और जैसे सूर्य उत्तरायण होकर प्रकाश बढ़ाता है, वैसे ही इंदौर भी निरंतर आगे बढ़ रहा है।

आपदा पर राजनीति नहीं, संवेदनशीलता जरूरी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आपदा के समय राजनीति करना इंदौर स्वीकार नहीं करेगा। सकारात्मक और रचनात्मक विपक्ष लोकतंत्र की शक्ति है, लेकिन पीड़ा पर राजनीति करना सर्वथा अनुचित है। उन्होंने कहा कि कठिन समय में सरकार, नगर निगम और प्रशासन ने संवेदनशीलता के साथ नागरिकों का साथ दिया है।

नर्मदा जल और नदी जोड़ो परियोजनाओं का उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि मालवा और निमाड़ क्षेत्र को नर्मदा नदी के जल से जोड़ने के लिए वर्षों संघर्ष करना पड़ा। नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरदार सरोवर बांध पूर्ण हुआ, जिससे देश को जल सुरक्षा मिली और सिंचाई क्षमता में ऐतिहासिक वृद्धि हुई। आज मध्यप्रदेश में 56 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में सिंचाई संभव हो पाई है। उन्होंने पार्वती-कालीसिंध-चंबल (PKC) और केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि ये योजनाएँ प्रदेश और पड़ोसी राज्यों के लिए वरदान सिद्ध होंगी।

जल जीवन मिशन से हर घर तक शुद्ध जल

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जल जीवन मिशन के माध्यम से प्रत्येक गांव और प्रत्येक शहर तक शुद्ध पेयजल पहुँचाना सरकार का संकल्प है। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और राज्य सरकार के सहयोग से इंदौर आत्मनिर्भर बनकर आगे बढ़ रहा है और सरकार पूरी मजबूती से इंदौर के साथ खड़ी है।

नर्मदा, स्वच्छता और जनभागीदारी इंदौर की ताकत: कैलाश विजयवर्गीय

नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि नर्मदा जल आंदोलन इंदौर का ऐतिहासिक जन-आंदोलन था। यदि नर्मदा जल नहीं आता, तो इंदौर आज जिस स्वरूप में है, वह संभव नहीं होता। उन्होंने कहा कि इंदौर की स्वच्छता नागरिकों की सहभागिता का परिणाम है और सफाईकर्मी इंदौर की असली ताकत हैं।

विकसित भारत के संकल्प को साकार कर रहा मध्यप्रदेश: तुलसीराम सिलावट

जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के संकल्प को मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में साकार किया जा रहा है। विकास केवल अधोसंरचना तक सीमित नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, जल संसाधन और रोजगार तक विस्तृत है।

2400 करोड़ तक विस्तारित दूरदर्शी योजना: महापौर पुष्यमित्र भार्गव

इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 1100 करोड़ रुपये की योजना को बढ़ाकर 2400 करोड़ रुपये किया गया, जिससे आने वाले दशकों तक इंदौर की जल आवश्यकताएँ पूरी होंगी। परियोजना में 10 वर्षों का संचालन एवं संधारण (O&M) भी शामिल है, जिससे शहर को लंबे समय तक सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल मिलेगा।

परियोजना की प्रमुख विशेषताएँ

महापौर ने बताया कि इस परियोजना के अंतर्गत-

  • जलूद एवं ग्राम भकलाय में 1650 MLD क्षमता का नवीन इन्टेक वेल

  • 2235 MM व्यास की रॉ-वॉटर एवं क्लीयर-वॉटर पम्पिंग मेन

  • 400 MLD क्षमता का आधुनिक जलशोधन संयंत्र

  • निर्बाध विद्युत आपूर्ति हेतु 11, 33 और 132 केवी सब-स्टेशन

  • जल दबाव संतुलन के लिए 12 MLD ब्रेक प्रेशर टैंक का निर्माण शामिल है।

इंदौर निरंतर उत्कृष्टता की ओर अग्रसर

कार्यक्रम में विधायक मधु वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सांसद शंकर लालवानी, विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़ सहित प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विश्वास जताया कि संघर्ष, अनुशासन और जनभागीदारी से बनी इंदौर की पहचान आने वाले समय में इसे निरंतर उत्कृष्टता और विकास के शिखर तक ले जाएगी।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...