भोपाल, मध्य प्रदेश। भारतीय जनता पार्टी ने अपने सेवा दूत अभियान को लेकर संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में निगम-मंडल और प्राधिकरणों के अध्यक्षों, उपाध्यक्षों एवं सदस्यों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के सेवा कार्यों को आम लोगों तक पहुंचाने और संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत बनाने की रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक को भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश जी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल तथा प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने संबोधित किया।
भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश जी ने अपने संबोधन में कहा कि मौजूदा दौर में विमर्श और नैरेटिव की लड़ाई महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ समाज में जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि सेवा दूत अभियान के अंतर्गत एक वरिष्ठ कार्यकर्ता 1 से 25 दिसंबर तक अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास करेंगे। इस दौरान स्थानीय समस्याओं को समझकर उनके समाधान के प्रयास किए जाएंगे और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के सेवा कार्यों और योगदान को हर घर तक पहुंचाने पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में गरीब, युवा, महिला और किसान वर्ग के आर्थिक विकास एवं सशक्तिकरण के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा उपलब्धियों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने सेवा दूत अभियान के माध्यम से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में युवाओं को संगठन से जोड़ने पर भी जोर दिया। अपने संबोधन में उन्होंने कांग्रेस की राजनीति को लेकर भी आलोचनात्मक टिप्पणी की।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि निगम-मंडल और प्राधिकरण सरकारी नीतियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीन पर लागू करने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने इन संस्थाओं में जिम्मेदारी संभाल रहे पदाधिकारियों से अपने दायित्वों को जनसेवा का माध्यम बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नियमित क्षेत्रीय प्रवास, आम लोगों से सीधा संवाद और उनकी समस्याओं का समाधान पदाधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके साथ ही पात्र हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने कहा कि भाजपा को सर्वव्यापी और सर्वस्पर्शी संगठन बनाने में निगम-मंडलों एवं प्राधिकरणों के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से पार्टी की विचारधारा और सरकार की उपलब्धियों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने की अपील की। साथ ही सेवा दूत अभियान के अंतर्गत स्वच्छता, पौधारोपण, नशामुक्ति और अन्य सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के सेवा कार्यों का संदेश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
बैठक के दौरान संगठनात्मक विस्तार, सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और आम जनता की समस्याओं के समाधान को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। भाजपा ने सेवा दूत अभियान के माध्यम से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा सामाजिक सेवा गतिविधियों का विस्तार करने का संकल्प दोहराया। बैठक में निगम-मंडल और प्राधिकरणों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्य मौजूद रहे।