1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. जावरा को जिला बनाने की मांग, डिप्टी CM के सामने उठे बड़े सवाल

जावरा को जिला बनाने की मांग, डिप्टी CM के सामने उठे बड़े सवाल

रतलाम के जावरा पहुंचे मध्य प्रदेश के डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल के सामने ट्रॉमा सेंटर, ब्लड बैंक, नए अस्पताल भवन और जावरा को जिला बनाने की मांग उठी। उन्होंने जल्द स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास का भरोसा दिया।

By: Nivedita 
Updated:
जावरा को जिला बनाने की मांग, डिप्टी CM के सामने उठे बड़े सवाल

रतलाम, मध्य प्रदेश। जावरा में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल के सामने क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण समस्याओं और लंबित मांगों का मुद्दा उठा। विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय के पुत्र प्रांजल पांडेय के विवाह समारोह में शिरकत करने आए उप मुख्यमंत्री से मीडिया ने जावरा को जिला बनाने, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और 8 लेन पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर सवाल किए।

विवाह समारोह में शामिल होकर वर-वधू को दिया आशीर्वाद

उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल का विधायक परिवार की ओर से आत्मीय स्वागत किया गया। उन्होंने विवाह समारोह में पहुंचकर नवविवाहित जोड़े को सुखद एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया। इस दौरान वे परिवारजनों के साथ सामूहिक फोटो सेशन और सहभोज में भी शामिल हुए।

8 लेन पर हादसों को लेकर उठी ट्रॉमा सेंटर की मांग

मीडिया से बातचीत के दौरान जावरा क्षेत्र से गुजरने वाले 8 लेन मार्ग पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। दुर्घटनाओं में घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए जावरा में ट्रॉमा सेंटर, ब्लड बैंक और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता बताई गई। इस पर उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि शासन की ओर से अलग-अलग बजट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उनका प्रयास रहेगा कि जावरा को जल्द आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं की सौगात मिल सके।

नए अस्पताल भवन और ब्लड बैंक की जरूरत पर जोर

जावरा में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए नए अस्पताल भवन, ब्लड बैंक और ट्रॉमा सेंटर की मांग लंबे समय से महत्वपूर्ण बनी हुई है। स्थानीय स्तर पर इन सुविधाओं की उपलब्धता से सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को समय पर उपचार मिल सकेगा। हालांकि, उप मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद अब क्षेत्रवासियों की नजर इस बात पर है कि इन मांगों को लेकर शासन कब तक ठोस निर्णय लेता है और सुविधाओं का काम कब शुरू होता है।

 

 

प्रदेश के 12 जिलों में सूखे के मुद्दे पर क्या बोले डिप्टी सीएम?

मध्य प्रदेश के 12 जिलों को सूखाग्रस्त घोषित करने के सवाल पर उप मुख्यमंत्री ने बताया कि यह विषय मुख्यमंत्री के संज्ञान में है। इस संबंध में जल्द निर्णय लिए जाने की संभावना है।

जावरा को जिला बनाने की मांग फिर चर्चा में

जावरा को जिला घोषित करने की पुरानी मांग को लेकर भी उप मुख्यमंत्री से सवाल किया गया। इस पर राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय इस दिशा में प्रयास कर रहे हैं। जावरा को जिला बनाने की मांग क्षेत्र के राजनीतिक और प्रशासनिक मुद्दों में प्रमुख स्थान रखती है। ऐसे में इस बयान के बाद स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि भविष्य में इस विषय पर कोई सकारात्मक निर्णय सामने आ सकता है।

अब आश्वासन नहीं, फैसलों का इंतजार

जावरा में विवाह समारोह के दौरान उठे सवालों ने एक बार फिर क्षेत्र की बुनियादी जरूरतों को चर्चा में ला दिया है। 8 लेन पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, ट्रॉमा सेंटर, ब्लड बैंक, नए अस्पताल भवन और जावरा को जिला बनाने जैसे मुद्दे स्थानीय लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें शासन और प्रशासन पर टिकी हैं कि इन मांगों को कब तक अमलीजामा पहनाया जाता है और जावरा को बेहतर स्वास्थ्य एवं प्रशासनिक सुविधाएं कब मिलती हैं।

 

रिपोर्ट – जेडी बैरागी वैष्णव

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...