इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी से प्रभावित लोगों से मिलने आज लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पहुंचे। उन्होंने इस गंभीर मामले पर राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि साफ पानी जनता का अधिकार है, लेकिन दुर्भाग्यवश मौजूदा BJP सरकार लोगों को पीने का शुद्ध पानी तक उपलब्ध नहीं करा पा रही है।
राहुल गांधी ने कहा कि दूषित पानी की वजह से लोग गंभीर रूप से बीमार हो रहे हैं, कई परिवार उजड़ चुके हैं और लोग तड़प-तड़पकर दम तोड़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस संकट के समय सरकार और उसके नेताओं का पूरा ध्यान केवल जिम्मेदारी से बचने पर है। राहुल गांधी ने साफ शब्दों में कहा कि सरकार का यह रवैया बेहद असंवेदनशील है और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इंदौर पहुंचने के बाद राहुल गांधी सबसे पहले बॉम्बे अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने दूषित पानी से बीमार हुए मरीजों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने पीड़ितों और उनके परिजनों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर उनके साथ खड़ी है।
साफ पानी देना सरकार की जिम्मेदारी है
राहुल गांधी ने ये भी कहा कि सरकार की जिम्मेदारी, साफ पानी, कम पॉल्यूशन की है लेकिन सरकार ये सभी जिम्मेदारी नहीं निभा रही है। और इस पूरे मामले में जो जिम्मेदार हैं उनकी जवाबदेही तय होनी चाहिए। पीड़ित लोगों को इलाज और मुआवजा मिलना चाहिए।
मैं विपक्ष का नेता हूं ये मेरा काम है
वहीं राहुल गांधी ने बीजेपी के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि वे यहां राजनीति करने नहीं आए हैं, वे विपक्ष के नेता हैं और उनका काम पीड़ित लोगों की आवाज उठाना है। और जिसे जो लगता है वह लगे उससे उन्हें फर्क नहीं पड़ता।
इस दौरान राहुल गांधी के साथ वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह, कांतिलाल भूरिया, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और कांग्रेस प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी मौजूद रहे।
पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए कांग्रेस की वरिष्ठ नेता मीनाक्षी नटराजन, सतनारायण पटेल और शोभा ओझा सहित कई नेताओं को अस्पताल परिसर के बाहर ही रोक दिया, जिससे कुछ देर के लिए स्थिति तनावपूर्ण भी रही।
अस्पताल में पीड़ितों से मुलाकात के बाद राहुल गांधी भागीरथपुरा इलाके पहुंचे, जहां उन्होंने दूषित पानी से प्रभावित लोगों और मृतकों के परिजनों से सीधे बातचीत की। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि दोषियों को सजा और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस पूरी ताकत से लड़ाई लड़ेगी।
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी भागीरथपुरा के लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने दोहराया कि जब तक पीड़ितों को न्याय नहीं मिलेगा और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी।