1. हिन्दी समाचार
  2. Indore
  3. Indore: भागीरथपुरा दूषित पानी कांड पर युवा कांग्रेस का आंदोलन तेज

Indore: भागीरथपुरा दूषित पानी कांड पर युवा कांग्रेस का आंदोलन तेज

28 जनवरी से इंदौर में प्रदेश स्तरीय ‘जन अधिकार न्याय यात्रा’...

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
Indore: भागीरथपुरा दूषित पानी कांड पर युवा कांग्रेस का आंदोलन तेज

मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस ने इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में दूषित पानी से हुई मौतों के खिलाफ अपना आंदोलन तेज कर दिया है। इसी क्रम में 28 जनवरी से इंदौर में प्रदेश स्तरीय “जन अधिकार न्याय यात्रा” की शुरुआत की जा रही है। इस यात्रा के माध्यम से युवा कांग्रेस भाजपा सरकार से जवाबदेही तय करने और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग करेगी।

युवा कांग्रेस की यह यात्रा सुबह 10 बजे इंदौर के राजवाड़ा पर देवी अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ शुरू होगी। यह पदयात्रा कुल 9 दिनों तक चलेगी, जिसमें प्रतिदिन लगभग 10 से 15 किलोमीटर की दूरी तय कर एक-एक विधानसभा क्षेत्र को कवर किया जाएगा।

28 मौतों का दावा, सरकार पर लापरवाही का आरोप

युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया ने कहा कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य जनता को जागरूक करना और सरकार से न्याय की मांग करना है। उनके अनुसार, भागीरथपुरा में दूषित पानी के कारण अब तक 28 लोगों की मौत हो चुकी है, लेकिन सरकार की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

युवा कांग्रेस की प्रमुख मांगें

यात्रा के दौरान युवा कांग्रेस निम्नलिखित मांगें उठाएगी-

  • मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव को पद से हटाया जाए।

  • मृतकों के परिजनों को ₹1 करोड़ का मुआवजा दिया जाए।

  • मामले की हाईकोर्ट की निगरानी में न्यायिक जांच कराई जाए।

  • प्रदेशभर के नगर निगमों में भ्रष्टाचार की गहन जांच हो।

सत्याग्रह के बाद भी नहीं सुनी गई बात: युवा कांग्रेस

यश घनघोरिया ने आरोप लगाया कि इससे पहले सत्याग्रह किया गया, लेकिन सरकार ने उनकी मांगों को नजरअंदाज किया। उन्होंने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा कि उनकी अभद्र भाषा और लापरवाह रवैये ने हालात को और बिगाड़ा है। “यह यात्रा उन परिवारों को न्याय दिलाने के लिए है, जिन्होंने दूषित पानी की वजह से अपने अपनों को खोया है। जब तक जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं होती, हमारा आंदोलन जारी रहेगा।” – यश घनघोरिया

इंदौर से शुरू हो रही यह पदयात्रा आने वाले दिनों में प्रदेश की राजनीति को और गर्मा सकती है। अब देखना होगा कि इस जन अधिकार न्याय यात्रा का सरकार पर कितना असर पड़ता है और क्या भागीरथपुरा के पीड़ित परिवारों को इंसाफ मिल पाता है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...