1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष पर जानलेवा हमले का मामला, आरोप-प्रत्यारोप के बीच बयानबाजी तेज

पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष पर जानलेवा हमले का मामला, आरोप-प्रत्यारोप के बीच बयानबाजी तेज

बालाघाट के हट्टा थाना क्षेत्र में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष पवन पारधी पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पीड़ित ने शुरुआत में भाजपा उपाध्यक्ष गुड्डू पारधी और उनके भांजे पर आरोप लगाया था, जबकि गुड्डू पारधी ने आरोपों को खारिज करते हुए खुद को निर्दोष बताया है। बाद में पीड़ित ने भी बयान में स्पष्ट किया कि वे हमले के समय पूरी तरह होश में नहीं थे, जिससे मामला और उलझ गया है।

By: Nivedita 
Updated:
पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष पर जानलेवा हमले का मामला, आरोप-प्रत्यारोप के बीच बयानबाजी तेज

बालाघाट जिले के हट्टा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तिलपेवाड़ा पुलिया के पास 19 मई की रात भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं ग्राम पंचायत मोहगांव खुर्द के उप सरपंच पवन पारधी पर जानलेवा हमला हुआ था। घायल पवन पारधी का उपचार वर्तमान में जिला अस्पताल में चल रहा है।

पीड़ित ने लगाए थे गंभीर आरोप

घटना के बाद पवन पारधी ने भाजपा उपाध्यक्ष गुड्डू पारधी के भांजे तपेश रिनायत सहित चार से पांच लोगों पर हमले का आरोप लगाया था। उन्होंने यह भी कहा था कि इस हमले के पीछे राजनीतिक और व्यक्तिगत रंजिश हो सकती है तथा गुड्डू पारधी पर भी मास्टरमाइंड होने का संदेह जताया गया था।

गुड्डू पारधी ने मीडिया के सामने रखा पक्ष

मामले में अपना पक्ष रखते हुए भाजपा उपाध्यक्ष गुड्डू पारधी ने आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि घटना की रात वे एक शादी समारोह में शामिल थे और बाद में वाहन में पेट्रोल भरवाकर घर लौटे थे। उनका इस घटना से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक कारणों और क्षेत्रीय लोकप्रियता के चलते उन्हें झूठे मामले में फंसाया जा रहा है।

पवन पारधी का भी सामने आया नया बयान

वहीं जिला अस्पताल में उपचाराधीन पवन पारधी ने कहा कि हमले के समय उन्हें गंभीर चोट लगी थी और वे पूरी तरह होश में नहीं थे। उन्होंने बताया कि पुलिस को दिए गए शुरुआती बयान में भांजे द्वारा नाम लिए जाने के कारण उन्होंने गुड्डू पारधी का नाम लिया था, लेकिन उनका व्यक्तिगत रूप से किसी से कोई विवाद नहीं है।

जांच जारी, मामला बना चर्चा का विषय

घटना को लेकर पुलिस जांच जारी है। दोनों पक्षों के अलग-अलग बयानों के कारण मामला अब राजनीतिक और स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है। पुलिस तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।

 

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...