ग्वालियर में एक युवक के साथ धोखाधड़ी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला पर दोस्ती का झांसा देकर 40 हजार रुपये ठगने का आरोप लगा है। पीड़ित युवक ने इसे सम्मोहन (Hypnotize) का मामला बताते हुए पुलिस से शिकायत की है।
डबरा निवासी अनिल बाथम के अनुसार, महिला ने पहले दोस्ती का भरोसा जीतकर 30 हजार रुपये नकद लिए। इसके बाद फोन-पे के जरिए 10 हजार रुपये और ट्रांसफर करवा लिए गए। यह राशि अलग-अलग खातों में भेजी गई, जिसमें नितिन और मृदुलेश नाम के व्यक्तियों के खाते शामिल बताए जा रहे हैं।
पीड़ित का आरोप है कि महिला ने उसके सिर पर हाथ फेरकर उसे सम्मोहित कर दिया, जिसके बाद उसे सही-गलत का एहसास नहीं रहा और वह लगातार पैसे देता रहा। बाद में संपर्क टूटने पर उसे ठगी का अहसास हुआ।
घटना के बाद पीड़ित युवक ने ग्वालियर एसपी ऑफिस में पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मोबाइल नंबर और बैंक खातों की जानकारी के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद इलाके में ऑनलाइन और मनोवैज्ञानिक तरीके से की जाने वाली ठगी को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।