उज्जैन में किसानों के मुद्दे को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। बीजेपी प्रवक्ता राजेंद्र भारती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस पर किसानों के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया।
प्रेस वार्ता के दौरान राजेंद्र भारती ने कहा कि कांग्रेस किसानों की हितैषी होने का दावा करती है, लेकिन उसकी पूर्व सरकार अपने वादे तक पूरे नहीं कर सकी। उन्होंने तत्कालीन कमलनाथ सरकार का उल्लेख करते हुए कहा कि किसानों से कर्जमाफी का वादा किया गया था, लेकिन लाखों किसान आज भी उस वादे के पूरा होने का इंतजार कर रहे हैं।

बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस अब आंदोलन और बयानबाजी के जरिए किसानों के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है, जबकि प्रदेश की जनता और किसान सच्चाई अच्छी तरह जानते हैं। उन्होंने मीडिया से भी अपील की कि कांग्रेस के “झूठ, फरेब और धोखाधड़ी” को जनता के सामने लाया जाए।
राजेंद्र भारती ने दावा किया कि डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार किसानों के हित में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य को 7 बार कृषि कर्मण अवार्ड मिल चुका है, जो कृषि क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियों का प्रमाण है।उन्होंने बताया कि किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ दिया जा रहा है, समर्थन मूल्य पर फसलों की खरीदी की जा रही है और प्रदेश गेहूं उत्पादन में देश में दूसरे स्थान पर पहुंच चुका है।
शाजापुर में कांग्रेस के आंदोलन पर निशाना साधते हुए बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस केवल राजनीतिक लाभ लेने के लिए आंदोलन कर रही है। उनका कहना था कि बीजेपी सरकार किसानों के लिए जमीन पर काम कर रही है, जबकि कांग्रेस केवल विरोध और प्रदर्शन की राजनीति कर रही है।उज्जैन में हुई इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद प्रदेश में किसान मुद्दों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई है।