मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले से एक गंभीर घटना सामने आई है, जहां शराब पीने का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि इसी बात से नाराज कुछ दबंगों ने युवक पर हमला कर दिया और उसके साथ मारपीट की।
घटना पृथ्वीपुर थाना क्षेत्र के दुर्गापुर गांव की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, युवक किशन रैकवार ने कुछ दिन पहले गांव के ही कुछ लोगों को सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने से रोका था। इसी रंजिश के चलते दबंगों ने उसे काम से लौटते समय रास्ते में घेर लिया और बेल्ट से उसकी पिटाई कर दी।
इस दौरान आरोपियों ने युवक को घेरकर बेल्ट से मारपीट की और गिनती गिनते हुए उसे पीटा गया। युवक पूरी घटना के दौरान चुपचाप खड़ा रहा। वहीं एक अन्य आरोपी ने इस मारपीट का वीडियो भी बना लिया।

घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद इलाके में आक्रोश का माहौल बन गया है। लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पीड़ित युवक ने पृथ्वीपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।