पन्ना में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने ई-स्कूटी से जुगल किशोर मंदिर पहुंचकर पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत का संदेश दिया। खजुराहो सांसद वीडी शर्मा, दमोह सांसद राहुल लोधी और पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने मंदिर पहुंचकर भगवान जुगल किशोर सरकार के दर्शन किए और देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन बचत, विदेशी मुद्रा संरक्षण और स्वच्छ पर्यावरण को लेकर किए गए आह्वान को जन-जन तक पहुंचाना जरूरी है। इसी उद्देश्य से उन्होंने ई-स्कूटी का उपयोग कर लोगों को स्वच्छ ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित किया।
आमतौर पर बड़े वाहनों के काफिले में नजर आने वाले जनप्रतिनिधियों का ई-स्कूटी से मंदिर पहुंचना लोगों के बीच आकर्षण और चर्चा का विषय बना रहा। मंदिर परिसर में मौजूद लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे “ग्रीन इंडिया” और स्वच्छ ऊर्जा अभियान से जोड़कर देखा।
नेताओं ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और प्रदूषण की समस्या को देखते हुए इलेक्ट्रिक वाहन समय की जरूरत बन चुके हैं। ई-स्कूटी न केवल पर्यावरण के लिए बेहतर है, बल्कि इसका रखरखाव और संचालन खर्च भी कम है, जिससे आम लोगों को आर्थिक राहत मिलती है।
जनप्रतिनिधियों ने लोगों से अपील की कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग बढ़ाकर देश को स्वच्छ, हरित और आत्मनिर्भर बनाने में योगदान दिया जा सकता है।