मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां हत्या, लूट और गंभीर अपराधों की जांच के लिए गठित होने वाली विशेष जांच टीम (SIT) इस बार किसी अपराधी की नहीं, बल्कि पांच महीने से लापता लड्डू गोपाल की प्रतिमा की तलाश करेगी। ग्वालियर रेंज के आईजी के निर्देश पर तीन थानों की संयुक्त पुलिस टीम इस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, सिटी सेंटर स्थित अलकापुरी निवासी विजया शर्मा 29 जनवरी को अपनी बहन के साथ कोतवाली क्षेत्र की सब्जी मंडी में खरीदारी करने गई थीं। इसी दौरान भीड़-भाड़ में उनके साथ मौजूद लड्डू गोपाल की प्रतिमा कहीं गुम हो गई। काफी तलाश के बावजूद प्रतिमा का कोई पता नहीं चल सका।
विजया शर्मा का कहना है कि यह प्रतिमा उन्हें उनकी नानी से मिली थी और बचपन से ही वह उसकी नियमित पूजा-अर्चना करती आ रही हैं। उनके लिए लड्डू गोपाल केवल एक धार्मिक प्रतिमा नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य की तरह हैं, जिन्हें वह हमेशा अपने साथ रखती थीं।

प्रतिमा के लापता होने के बाद विजया शर्मा ने संबंधित थाने, सीएसपी कार्यालय और एसएसपी कार्यालय में कई बार शिकायत दर्ज कराई, लेकिन मामला आगे नहीं बढ़ सका। करीब पांच महीने तक लगातार प्रयास करने के बाद उन्होंने ग्वालियर रेंज के आईजी अरविंद सक्सेना से मुलाकात कर अपनी पीड़ा साझा की।
महिला की आस्था और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आईजी अरविंद सक्सेना ने इसे गंभीरता से लिया और लड्डू गोपाल की प्रतिमा की तलाश के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित करने के निर्देश दिए। अब तीन थानों की संयुक्त पुलिस टीम इस अनोखे मामले की जांच कर प्रतिमा का पता लगाने का प्रयास करेगी।