मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के पोहरी जनपद की ग्राम पंचायत झलवासा में एक दलित परिवार पर हुए कथित जानलेवा हमले का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि 24 जून को गांव के सरपंच और उनके परिजनों ने लाठी-डंडों तथा धारदार हथियारों से हमला किया, जिसमें परिवार के कई सदस्य घायल हुए। घटना के बाद बैराड़ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
भीम आर्मी भारत एकता मिशन ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि शिकायत में जिन लोगों के नाम दिए गए थे, उनमें से कुछ मुख्य आरोपियों को एफआईआर में शामिल नहीं किया गया। संगठन का कहना है कि इससे पीड़ित परिवार को न्याय मिलने में बाधा उत्पन्न हो रही है।
भीम आर्मी के जिला संयोजक साजिद खान (चांद) के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मांग की गई कि सभी नामजद आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए, निष्पक्ष जांच कराई जाए और पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि शिकायत दर्ज होने के बावजूद आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं। परिवार ने प्रशासन से सुरक्षा प्रदान करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
भीम आर्मी ने कहा है कि यदि जल्द ही मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो संगठन बड़े स्तर पर आंदोलन करेगा। फिलहाल इस घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।