नई दिल्ली : पिछले लंबे समयों से कांग्रेस पार्टी में आपसी जंग छिड़ा हुआ है, जो एक बार फिर पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले सामने आ चुका है। एक तरफ जहां कांग्रेस नेता आनंद शर्मा पश्चिम बंगाल में कांग्रेस के गठबंधन पर सवाल उठाते हैं, तो वहीं दूसरी ओर अधीर रंजन चौधरी, कांग्रेस सांसद आनंद शर्मा पर इशारों-इशारों में बीजेपी को खुश करने का आरोप लगा रहे है।

एक प्राइवेट न्यूज चैनल से बातचीत करते हुए अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि हमें पता है कि आनंद शर्मा का बिग बॉस कौन है, वो किसे खुश करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि आनंद शर्मा किसकी ओर से बात कर रहे हैं? हम जानते हैं कि उनका बिग बॉस कौन है, जिसे वो खुश करना चाहते हैं।
आपको बता दें कि बीते दिन कांग्रेस सांसद आनंद शर्मा ट्विटर के जरिए कांग्रेस के बंगाल में अब्बास सिद्दीकी के साथ गठबंधन पर सवाल खड़े किए हैं। बता दें कि इस बार कांग्रेस बंगाल में लेफ्ट पार्टियों के साथ-साथ अब्बास सिद्दीकी के इंडियन सेक्युलर फ्रंट के साथ चुनावी मैदान में कूद रही है।
आनंद शर्मा ने अपने ट्वीट में आपत्ति दर्ज करते हुए कहा था कि ISF के साथ गठबंधन कांग्रेस पार्टी की मूल विचारधारा के खिलाफ है, ऐसे में ऐसा फैसला लेने से पहले पार्टी स्तर पर विस्तृत चर्चा होनी चाहिए थी। हालांकि इसे लेकर भी अधीर रंजन चौधरी नहीं चूके, और उन्होंने ट्वीट के जरिये आनंद शर्मा के ट्वीट पर पलटवार किया।
अधीर रंजन चौधरी ने कहा था कि बंगाल में पार्टी ने जो भी फैसला लिया है, आलाकमान के निर्देश पर ही लिया है। जो लोग पार्टी को मजबूत करना चाहते हैं, वो पांच राज्यों में प्रचार करें और ऐसा बयान ना दें जिससे बीजेपी को फायदा हो।
गौरतलब है कि इंडियन सेक्युलर फ्रंट के अब्बास सिद्दीकी पर कट्टरता, महिला विरोधी बयानबाजी करने का आरोप लगता आया है। हालांकि, अब्बास सिद्दीकी बंगाल की फुरफुरा शरीफ दरगाह के पीरजादा हैं, इस दरगाह का असर करीब 100 विधानसभाओं पर पड़ता है।