नई दिल्ली : जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर शहर में सोमवार शाम आतंकिवादियों ने एक सेल्समैन की गोली मारकर हत्या कर दी थी। जिससे लोगों में काफी आक्रोश था। हालांकि इस मामले में अब एक बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, आतंकियों का निशाना सेल्समैन नहीं बल्कि उसका मालिक था। आपको बता दें कि पुलिस इस मामले को लेकर छानबीन कर रही है, क्योंकि दुकान का मालिक एक कश्मीरी पंडित है। जिसका नाम संदीप मावा है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को वारदात होने से दो घंटे पहले ही संदीप मावा अपनी दुकान से जा चुके थे। उनका सेल्समैन मोहम्मद इब्राहिम खान दुकान बंद कर संदीप की कार में बैठने जा रहे थे तभी आतंकियों ने उनपर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
बांदीपुरा जिले में हुई थी वारदात
पुलिस ने बताया कि, आतंकवादियों ने बांदीपुरा जिले के निवासी मोहम्मद इब्राहिम खान पर बोहरी कदल में रात करीब आठ बजे गोली चलायी थी। खान को गंभीर हालत में पास के एक अस्पताल ले जाया गया जहां उसने दम तोड़ दिया। खान पास के महाराजगंज इलाके में एक सेल्समेन के तौर पर काम करता था।
अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने हमलावरों का पता लगाने के लिए इलाके की घेराबंदी कर दी है। खान की हत्या पिछले 24 घंटे में आतंकवादियों द्वारा किया गया दूसरा हमला है। बता दें कि इससे पहले रविवार शाम बटमालू इलाके में एक पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
नेशनल कांफ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला ने नागरिक की हत्या की निंदा की। उमर ने ट्वीट किया कि, ‘‘इब्राहिम की नृशंस हत्या निंदनीय है और मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं। दुर्भाग्य से इब्राहिम की हत्या घाटी, खासकर श्रीनगर में लक्षित हत्याओं की श्रृंखला में नवीनतम है। अल्लाह उन्हें जन्नत में जगह दें।’’