फिलहाल देश में इक्कीस दिन का लॉकडाउन है और ऐसे में किसान भाई अपने खेतों को अधिक समय नहीं दे पा रहे है लेकिन गर्मियों में सीजन में ऐसी कई सब्जियां है जो किसान भाइयों को अच्छा मुनाफा दे सकती है। तो आइये जानते है कुछ ऐसी सब्जियों के बारे में –
ककड़ी की बुवाई के लिए गर्मियों का समय उपयुक्त रहता है जिसमे अप्रैल का महीना अनुकूल माना जाता है। इसके लिए एक एकड़ भूमि में एक किलोग्राम बीज की ज़रूरत होती है। इसे लगभग हर तरह की ज़मीन में उगाया जा सकता है।
भूमि की तैयारी के समय गोबर की खाद डालें व खेत की तीन से चार बार जुताई करके सुहागा लगाएं। ककड़ी की बीजाई 2 मीटर चौड़ी क्यारियों में नाली के किनारों पर करनी चाहिए। एक जगह पर दो – तीन बीज बोएं। बाद में एक स्थान पर एक ही पौधा रखें।
लौकी की खेती कर तरह की मिट्टी में हो जाती है लेकिन दोमट मिट्टी इसके लिए सबसे अच्छी होती है। लौकी की खेती के लिए एक हेक्टेयर में 4.5 किलोग्राम बीज की ज़रूरत होती है।
बीज को खेत में बोने से पहले 24 घंटे पानी में भिगोने के बाद टाट में बांध कर 24 घंटे रखें। करेले की तरह लौकी में भी ऐसा करने से बीजों का अंकुरण जल्दी होता है।
लौकी के बीजों के लिए 2.5 से 3.5 मीटर की दूरी पर 50 सेंटीमीटर चौड़ी व 20 से 25 सेंटीमीटर गहरी नालियां बनानी चाहिए।