1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. शिवपुरी में कलेक्टर अर्पित वर्मा की रात्रि चौपाल, गांव में रुककर सुनीं समस्याएं

शिवपुरी में कलेक्टर अर्पित वर्मा की रात्रि चौपाल, गांव में रुककर सुनीं समस्याएं

शिवपुरी जिले की पोहरी जनपद पंचायत के ग्राम अहेरा और मुड़खेड़ा में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने रात्रि चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने पानी, बिजली, सड़क, राशन और आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली और कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया। कलेक्टर ने ग्रामीणों के बीच रात्रि विश्राम कर प्रशासन और जनता के बीच विश्वास मजबूत करने का संदेश दिया।

By: BS Yadav 
Updated:
शिवपुरी में कलेक्टर अर्पित वर्मा की रात्रि चौपाल, गांव में रुककर सुनीं समस्याएं

शिवपुरी जिले की पोहरी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत एसवाया के अहेरा और मुड़खेड़ा गांव में प्रशासन का संवेदनशील और जनहितैषी चेहरा देखने को मिला, जब कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा स्वयं गांव पहुंचे और ग्रामीणों के बीच रात्रि चौपाल आयोजित की। इस अनोखी पहल से गांव में उत्साह और चर्चा का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने प्रशासन को अपने बीच पाकर खुशी जताई और अपनी समस्याएं खुलकर अधिकारियों के सामने रखीं।

कलेक्टर अर्पित वर्मा ने चौपाल के दौरान ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए शासकीय योजनाओं की जमीनी हकीकत जानी। उन्होंने किसानों, महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों से पूछा कि उन्हें योजनाओं का लाभ समय पर मिल रहा है या नहीं। चौपाल में पेयजल संकट, खराब सड़कें, बिजली समस्या, राशन वितरण में अनियमितता और प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। खास बात यह रही कि कलेक्टर ने केवल शिकायतें सुनने तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिससे कई समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया।

दौरे के दौरान कलेक्टर ने गांव के बच्चों से भी आत्मीय बातचीत की। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई और भविष्य के सपनों के बारे में पूछा तथा शिक्षा के महत्व को समझाते हुए उन्हें नियमित रूप से स्कूल जाने के लिए प्रेरित किया। वहीं ग्राम मुड़खेड़ा में आंगनवाड़ी केंद्र में भोजन वितरण को लेकर शिकायत मिलने पर कलेक्टर ने तुरंत कार्रवाई करते हुए खाना बांटने वाले समूह को हटाने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने बताया था कि समूह समय पर भोजन नहीं पहुंचाता और कई बार अनियमितता बरती जाती है।

रात्रि चौपाल के बाद कलेक्टर अर्पित वर्मा ने ग्रामीणों के साथ बैठकर भोजन किया और गांव में ही रात्रि विश्राम किया। उनके साथ जिला पंचायत सीईओ विजय राज, एसडीएम अनुपम शर्मा सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे और सभी ने गांव के आंगनवाड़ी भवन में रात बिताई। ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पहली बार अधिकारी गांव में रुककर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं। कलेक्टर ने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रशासन गांव की चौखट तक पहुंचे और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर सुनिश्चित हो।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...