नई दिल्ली : देश के पांच प्रमुख राज्यों में चुनाव को लेकर सभी पार्टियां लगातार रैली कर रही है, जिससे वो जनता की मूड को अपनी ओर कर सकें। एक तरफ जहां बीजेपी पश्चिम बंगाल में सेंधमारी को लेकर लगातार रैलियां कर रहें हैं, वहीं दूसरी तरफ तमिलनाडु में अपनी पकड़ मजबूत बनाने के लिए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी रैली कर रहें है।
आपको बता दें कि एक बार कांग्रेस नेता राहुल गांधी तमिलनाडु दौरे पर गये हुए है, जहां उन्हें देश की अर्थव्यवस्था याद आ गई। उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अर्थव्यवस्था के विकास के लिए सामंजस्य की जरूरत होती है, मौजूदा सरकार ने सब जगह बड़े स्तर पर असामंजस्य पैदा किया। मुझे लगता है कि बीजेपी का जो माइंडसेट है उसके साथ हमें अर्थव्यवस्था की इस स्थिति से बाहर निकालना बहुत मुश्किल होगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय बैंकिंग सिस्टम पर 10-15 उद्योगपतियों का कब्ज़ा है। भारत अपने लोगों को नौकरी देने में असमर्थ है, हमारी अर्थव्यवस्था तबाह हो चुकी है और हम इससे जल्दी बाहर नहीं निकलेंगे क्योंकि सरकार उन लोगों को नहीं सुनना चाहती है जो देश को आगे बढ़ाने में मदद करते हैं। इसके साथ ही उन्होंने पीएम मोदी पर तमिलनाडु की संस्कृति, भाषा और लोगों का सम्मान ना करने का भी आरोप लगाया।
राहुल ने कहा कि नरेंद्र मोदी जी को तमिलनाडु की संस्कृति, भाषा और लोगों के लिए कोई सम्मान नहीं है। वह सोचते हैं कि तमिल लोग, भाषा और संस्कृति को उनके विचारों और संस्कृति के अधीन होना चाहिए। आपको बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी तीन दिवसीय यात्रा पर कोयंबटूर हैं।