छिंदवाड़ा जिले की मोहखेड़ तहसील अंतर्गत सावरी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर लोगों में गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है। भीषण गर्मी के बीच घंटों बिजली गुल रहने से आमजन, किसान, छात्र और व्यापारी वर्ग को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। वहीं किसानों के कृषि कार्य बाधित होने से उनकी परेशानियां और बढ़ गई हैं। लोगों का कहना है कि बिना पूर्व सूचना के बार-बार बिजली बंद कर दी जाती है, जिससे दैनिक जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।
बिजली संकट से नाराज ग्रामीणों और आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों ने विद्युत वितरण विभाग को ज्ञापन सौंपकर तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग की है। ज्ञापन में स्पष्ट कहा गया है कि यदि स्थिति में सुधार नहीं किया गया तो जनता का आक्रोश और बढ़ सकता है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही अघोषित बिजली कटौती पर रोक नहीं लगाई गई और नियमित आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई, तो क्षेत्र में बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा। ग्रामीणों ने इसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग पर डालते हुए कड़ा विरोध जताया है।
इस दौरान नायब तहसीलदार रमाकांत चौकसे, सहायक अभियंता संतोष कुमार, कनिष्ठ अभियंता कृष्ण कुमार उईके और चौकी प्रभारी मुकेश द्विवेदी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने मांग की कि गर्मी के इस मौसम में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए ताकि आमजन को राहत मिल सके।