नई दिल्ली : संसदीय कार्य मंत्री प्रहलाद जोशी द्वारा संसद में भाजपा सांसदों की उपस्थिति की जरूरत का जिक्र करने के बाद पीएम मोदी ने आज भारतीय जनता पार्टी के सांसदों की जमकर क्लास लगाई और कड़े शब्दों में संदेश दिया। जिससे बीजेपी सांसदो में खलबली मची हुई है। सूत्रों की मानें तो BJP संसदीय दल की बैठक के दौरान पीएम मोदी ने संसद में गैरहाजिर रहने को लेकर सांसदों को नसीहत दी है और सभी सांसदों को सत्र के दौरान सदन के भीतर मौजूद रहने को कहा है। पीएम ने सांसदों से कहा कि यह ठीक नहीं कि उपस्थिति को लेकर आपको बार-बार याद दिलाना पड़े।
सूत्रों के मुताबिक, ‘पीएम मोदी ने स्पष्ट किया कि यह संदेश उन सांसदों के लिए नहीं था, जिन्हें चुनाव वाले राज्यों में जिम्मेदारी सौंपी गई है। गैरतलब है कि पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और पुडुचेरी में 27 मार्च से विधान सभा चुनाव (Assembly Election 2021) शुरू हो रहे हैं। इसे लेकर बैठक के दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा (JP Nadda) ने भी संसद सत्र में भाग लेने के लिए सांसदों के नियमित होने की जरूरत को रेखांकित किया।
वहीं बैठक में मौजूद एक सांसद ने बताया कि, ‘लगभग एक साल बाद भाजपा की संसदीय दल की बैठक (BJP Parliamentary Party Meeting) को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने कड़े शब्दों में कहा कि, ‘यह ठीक नहीं है कि पार्टी के सांसदों को सदन में उपस्थिति के बारे में बार-बार याद दिलाया जाए।’
BJP संसदीय दल की बैठक (BJP Parliamentary Party Meeting) के बाद केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रहलाद जोशी (Pralhad Joshi) ने बताया कि बैठक में पीएम मोदी ने सभी सांसदों को कोरोना वैक्सीनेशन कार्यक्रम में लोगों से जुड़ने और वैक्सीनेशन के लिए व्यवस्था करने को कहा है। साथ ही सभी सांसदों को निर्देश दिया कि वह कोरोना काल में लोगों की मदद करें।