ग्वालियर (मध्यप्रदेश)। भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव मितेंद्र सिंह यादव द्वारा आयोजित OTF (वन टाइम फीस) मैराथन का आयोजन ग्वालियर में किया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता, सांसद और विधायकों ने सहभागिता की।
इस मैराथन में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब, पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह, प्रियव्रत सिंह, सचिन यादव, पीसी शर्मा, राज्यसभा सांसद अशोक सिंह, विधायक दिनेश गुर्जर, पंकज उपाध्याय सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। साथ ही युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया और अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सरकारी भर्तियों में ‘एक बार फीस, सभी भर्तियों में अवसर’ (One Time Fee) व्यवस्था लागू करने की मांग को आगे बढ़ाना था। नेताओं ने कहा कि वर्तमान में विभिन्न परीक्षाओं में बार-बार आवेदन शुल्क के कारण युवाओं पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार फीस देने की बाध्यता से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के युवाओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। OTF प्रणाली लागू होने से युवाओं को बार-बार शुल्क देने की आवश्यकता नहीं होगी।

नेताओं ने इस मैराथन को युवाओं के हित में एक जनजागरूकता अभियान बताया। उनका कहना था कि इसका उद्देश्य सरकार का ध्यान इस ओर आकर्षित करना है ताकि भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और युवाओं के लिए सरल बनाया जा सके।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, छात्र और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। मैराथन के माध्यम से युवाओं ने अपने भविष्य से जुड़े मुद्दों पर एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद की।