नवादा। आगामी स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर मंगलवार को नवादा के गांधी स्कूल मैदान में एनडीए की जनसभा आयोजित की गई। सभा में बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार समेत एनडीए के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान एनडीए प्रत्याशियों के पक्ष में समर्थन जुटाने की अपील की गई।
सभा को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव शिक्षा व्यवस्था, शिक्षकों के सम्मान और बिहार के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण चुनाव है। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की ओर से किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए मतदाताओं से एनडीए के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

निशांत कुमार ने स्नातक प्रत्याशी नीरज कुमार और शिक्षक प्रत्याशी प्रो. नवल किशोर यादव को विजयी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विधान परिषद में शिक्षकों और स्नातकों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए उनके प्रतिनिधियों का मजबूत होना जरूरी है।
जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम के दौरान एनडीए कार्यकर्ताओं और मतदाताओं से एकजुट होकर प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने की अपील की गई। सभा में शिक्षा मंत्री विजय चौधरी, मंत्री श्रवण कुमार और अन्य एनडीए नेता एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।