भोपाल, मध्य प्रदेश। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मध्य प्रदेश में धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों की रौनक बढ़ गई है। प्रदेश में भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और मर्यादा पर आधारित रामलीला महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं। भोपाल में महोत्सव की शुरुआत हो चुकी है, जबकि चित्रकूट और ओरछा में भी अंतरराष्ट्रीय रामलीला महोत्सव के आयोजन किए जा रहे हैं।
संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में रामलीला महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र से परिचित कराना और उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

मंत्री ने कहा कि नवरात्रि जैसे पावन अवसर पर रामलीला का मंचन लोगों को धार्मिक आस्था के साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर देता है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को देश की सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने और सामाजिक मूल्यों को मजबूत बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। भोपाल, चित्रकूट और ओरछा में होने वाले ये आयोजन प्रदेश की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को व्यापक स्तर पर सामने लाने का माध्यम बन रहे हैं।
रामलीला महोत्सव के साथ ही प्रदेश में आगामी दशहरा पर्व की तैयारियां भी की जा रही हैं। संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी के अनुसार, दशहरा आयोजन की रूपरेखा जल्द ही सार्वजनिक की जाएगी। इससे संबंधित तैयारियों की जानकारी आने वाले समय में साझा की जाएगी।