खंडवा, 13 अक्टूबर। महान गायक और अभिनेता किशोर कुमार की स्मृतियों को नमन करने खंडवा पहुंचे सुप्रसिद्ध गायक सुदेश भोसले ने उन्हें भारतीय संगीत जगत की अनमोल धरोहर बताया। राष्ट्रीय किशोर कुमार अलंकरण समारोह में शामिल होने आए भोसले ने किशोर दा की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान सुदेश भोसले ने कहा कि किशोर कुमार जैसे महान कलाकार की प्रतिभा और योगदान को शब्दों में व्यक्त करना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि किशोर दा उनके लिए भगवान से कम नहीं हैं और उनकी कला हमेशा संगीत प्रेमियों के दिलों में जीवित रहेगी।

सुदेश भोसले ने किशोर कुमार के साथ मंच पर कार्यक्रम करने के अपने अनुभव को यादगार बताया। उन्होंने कहा कि किशोर दा के साथ काम करने का अवसर मिलना उनके जीवन के खास अनुभवों में शामिल है। उनकी समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित करना उनके लिए भावुक पल रहा।
गायक ने कहा कि खंडवा किशोर कुमार की जन्मभूमि होने के कारण उनके लिए विशेष महत्व रखता है। यहां आकर उनकी स्मृतियों को नमन करना किसी तीर्थ यात्रा जैसा अनुभव है। किशोर कुमार की आवाज, गायकी और व्यक्तित्व आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करते रहेंगे।