मधुबनी, बिहार। भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवानों ने जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए हीरे जैसे दिखने वाले 163 दाने बरामद किए हैं। इस मामले में 31 वर्षीय नेपाली नागरिक को पकड़ा गया है। बरामद सामग्री को लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, 9 अक्टूबर 2026 को 48वीं वाहिनी SSB, जयनगर के जवान बेतौन्हा–मारर चेक पोस्ट पर नियमित जांच कर रहे थे। इसी दौरान बैगेज स्कैनर से एक ट्रॉली बैग की जांच की गई। संदेह होने पर बैग खोलकर तलाशी ली गई, जिसमें प्लास्टिक के एक डिब्बे में रखे 163 दाने मिले।
बरामद दानों का कुल वजन करीब 2 ग्राम बताया गया है। पूछताछ के दौरान संबंधित नेपाली नागरिक ने इन्हें लैब में तैयार किए गए हीरे बताया। उसके मुताबिक, वह इन दानों को निजी आभूषण बनवाने के लिए काठमांडू से मध्य प्रदेश के होशंगाबाद ले जा रहा था। हालांकि, वह इनके खरीद से संबंधित वैध रसीद नहीं दिखा सका।

सूत्रों के हवाले से बरामद दानों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 2.50 करोड़ रुपये से अधिक होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, इनकी वास्तविक पहचान, गुणवत्ता और बाजार मूल्य की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
SSB की ओर से आवश्यक कागजी कार्रवाई की जा रही है। इसके बाद बरामद सामग्री और पकड़े गए व्यक्ति को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क विभाग, जयनगर को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है।