1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. चुनाव आयोग पर उठाए सवाल, इस्तीफे और बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग

चुनाव आयोग पर उठाए सवाल, इस्तीफे और बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग

गोरखपुर में कांग्रेस विधायक वीरेंद्र चौधरी ने INDIA गठबंधन, सीट बंटवारे और चुनाव आयोग पर बयान दिया। उन्होंने बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग का समर्थन करते हुए यूपी में गठबंधन की सरकार बनाने में कांग्रेस की अहम भूमिका का दावा किया।

By: Nivedita 
Updated:
चुनाव आयोग पर उठाए सवाल, इस्तीफे और बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग

गोरखपुर में कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता और फरेंदा विधायक वीरेंद्र चौधरी ने पार्टी संगठन, INDIA गठबंधन, आगामी चुनाव और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पिछले 36 वर्षों से उत्तर प्रदेश की सत्ता से बाहर है, लेकिन इसके बावजूद पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह और मनोबल कमजोर नहीं हुआ है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत से उत्तर प्रदेश में INDIA गठबंधन को मजबूती मिलेगी। वहीं, चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए उन्होंने इस्तीफे और बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग का भी समर्थन किया।

गोरखपुर की धरती से कांग्रेस को उम्मीद

गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता और फरेंदा विधायक वीरेंद्र चौधरी ने पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों, जिला एवं शहर स्तर के नेताओं और युवा कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गोरखपुर की धरती का कांग्रेस के इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीर बहादुर सिंह जैसे नेताओं ने उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश में अपनी पहचान बनाई। उन्होंने उम्मीद जताई कि वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और युवा कार्यकर्ताओं की मेहनत से पूर्वांचल और गोरखपुर में कांग्रेस एक बार फिर अपना मजबूत राजनीतिक आधार तैयार करेगी।

36 साल से सत्ता से बाहर, फिर भी कार्यकर्ताओं में जोश

कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता वीरेंद्र चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पार्टी पिछले 36 वर्षों से सत्ता से बाहर है, लेकिन कार्यकर्ताओं का उत्साह और संगठन के प्रति समर्पण आज भी बरकरार है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ऊर्जा और संख्या दूसरे दलों के मुकाबले बेहतर स्थिति में है। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों में पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और संघर्ष के दम पर कांग्रेस को मजबूत किया जाएगा तथा INDIA गठबंधन की सरकार बनाने में पार्टी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

सीटों के बंटवारे पर बोले वीरेंद्र चौधरी का बयान

INDIA गठबंधन में सीटों के बंटवारे और कांग्रेस की भूमिका को लेकर पूछे गए सवाल पर कांग्रेस नेता वीरेंद्र चौधरी ने कहा कि यह फैसला पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के स्तर पर लिया जाएगा। उन्होंने संकेत दिया कि सीटों के बंटवारे को लेकर अभी कोई औपचारिक घोषणा नहीं की जा सकती। समय आने पर गठबंधन की स्थिति और सीटों के समीकरण को स्पष्ट कर दिया जाएगा।

राहुल गांधी के आंदोलन वाले रुख का जिक्र

कांग्रेस नेता वीरेंद्र चौधरी ने राहुल गांधी की ओर से सरकार के खिलाफ आंदोलनों में सहयोग देने की पहल का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि युवाओं, छात्रों और विभिन्न संगठनों के आंदोलन को समर्थन देने की कांग्रेस की तैयारी है साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वाले संगठनों के साथ खड़े होने की यह पहल लोकतांत्रिक संघर्ष को मजबूती दे सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि आज आंदोलन के कई माध्यम उपलब्ध हैं और लोकतंत्र में जनता की आवाज उठाने के लिए उनका इस्तेमाल किया जा सकता है।

 

 

चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल

कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता और फरेंदा के विधायक वीरेंद्र चौधरी ने चुनाव आयोग ज्ञानेश कुमार की निष्पक्षता और उसकी कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग के प्रति जनता का विश्वास कमजोर हुआ है। उन्होंने पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त टी.एन. शेषन के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौर में चुनाव आयोग की एक अलग पहचान थी। उनके अनुसार, वर्तमान व्यवस्था में आयोग की विश्वसनीयता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि चुनाव प्रक्रिया में जनता का विश्वास बनाए रखना जरूरी है।

बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग

चुनाव बहिष्कार के सवाल पर कांग्रेस नेता वीरेंद्र चौधरी ने कहा कि चुनाव का बहिष्कार करने से लोकतांत्रिक व्यवस्था में कोई ठोस समाधान नहीं निकलेगा। उन्होंने कहा कि चुनाव सुधारों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। इसी संदर्भ में उन्होंने ईवीएम के स्थान पर बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग का उल्लेख किया।

राम मंदिर पर क्या बोले कांग्रेस नेता?

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव अयोध्या गए पर राम मंदिर नहीं गए इस सवाल का जवाब देते हुए कांग्रेस नेता वीरेंद्र चौधरी ने कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का विषय है। उन्होंने कहा कि मंदिर में दर्शन करना या न करना किसी व्यक्ति की अपनी इच्छा और विचारों पर निर्भर करता है। उन्होंने धार्मिक स्थलों और मंदिर निर्माण से जुड़े अन्य विषयों पर भी चर्चा किए जाने की बात कही साथ ही गोरखपुर में कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता और फरेंदा विधायक वीरेंद्र चौधरी के बयान में पार्टी संगठन को मजबूत करने, INDIA गठबंधन की भूमिका, सीटों के बंटवारे और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। अब देखना होगा कि कांग्रेस की यह रणनीति उत्तर प्रदेश की आगामी राजनीतिक लड़ाई में किस तरह असर दिखाती है।

 

रिपोर्ट – अंकित श्रीवास्तव 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...