1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. पीएम मोदी ने वडनगर और काशी को बताया अपना सौभाग्य

पीएम मोदी ने वडनगर और काशी को बताया अपना सौभाग्य

मन की बात के 140वें एपिसोड में पीएम नरेंद्र मोदी ने वडनगर और काशी का जिक्र किया। बिहार म्यूजियम और वडनगर म्यूजियम की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियां भी बताईं।

By: Nivedita 
Updated:
पीएम मोदी ने वडनगर और काशी को बताया अपना सौभाग्य

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात के 140वें एपिसोड में अपने जन्मस्थान वडनगर और संसदीय क्षेत्र काशी का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि उनका जन्म गुजरात के वडनगर में हुआ और काशी से वह सांसद हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री ने बिहार म्यूजियम और वडनगर म्यूजियम की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों की भी चर्चा की।**

वडनगर को बताया गुजरात की काशी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में गुजरात के वडनगर और उत्तर प्रदेश के वाराणसी यानी काशी के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले कांची कामकोटि पीठ के शंकराचार्य वडनगर पहुंचे थे। उन्होंने वडनगर को गुजरात की काशी के रूप में पहचान दी। पीएम मोदी ने कहा कि वडनगर हजारों वर्षों से जीवंत शहर है। काशी की तरह इसकी भी अपनी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान है। उन्होंने कहा, ”मेरे लिए यह सौभाग्य की बात है कि मेरा जन्मस्थान वडनगर है और काशी मेरा संसदीय क्षेत्र है।”

बिहार म्यूजियम को दुनिया में मिला नौवां स्थान

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में देश के संग्रहालयों की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि पटना स्थित बिहार म्यूजियम को दुनिया के 100 बेहतरीन संग्रहालयों की सूची में नौवां स्थान मिला है। खास बात यह है कि इस सूची में बिहार म्यूजियम पूरे एशिया में पहले स्थान पर है। पीएम मोदी ने कहा कि बिहार म्यूजियम ने पेरिस के प्रसिद्ध लोआर्स म्यूजियम और न्यूयॉर्क के द मेट म्यूजियम जैसे प्रतिष्ठित संग्रहालयों को भी पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जब भी वे कहीं घूमने जाएं तो वहां के संग्रहालयों को देखने के लिए भी समय जरूर निकालें।

Read More –  पवन सिंह ने परिवार से तोड़ा रिश्ता, मां और भाई के लिए हुए भावुक – RNI News

 

वडनगर म्यूजियम को मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान

प्रधानमंत्री ने गुजरात के वडनगर स्थित अनंत अनादि वडनगर आर्कियोलॉजिकल एक्सपेरिमेंटल म्यूजियम की उपलब्धि को भी साझा किया। उन्होंने बताया कि पुरातत्व विभाग की खुदाई में यहां इतिहास के अलग-अलग कालखंडों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण वस्तुएं मिली हैं। इसी स्थान पर विकसित संग्रहालय में पांच हजार से अधिक प्राचीन कलाकृतियां प्रदर्शित की गई हैं। यहां आने वाले पर्यटक जमीन के कई मीटर नीचे हुई पुरातात्विक खुदाई को भी देख सकते हैं। पीएम मोदी के मुताबिक, इसी महीने बर्लिन में वडनगर म्यूजियम को ‘रेड डॉट: बेस्ट ऑफ द बेस्ट अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान पाने वाला भारत का पहला संग्रहालय बना है।

म्यूजियम देखने की अपील

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की ऐतिहासिक विरासत और संस्कृति को समझने में संग्रहालयों की अहम भूमिका है। उन्होंने देशवासियों से अपील की कि वे अपनी यात्राओं में संग्रहालयों को भी शामिल करें। इससे नई पीढ़ी को देश के इतिहास, पुरातत्व और सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...