नई दिल्ली : झारखंड के लातेहार में नक्सलियों ने एक बार फिर अपने दुस्साहसी कदम को दिखाते हुए मध्य रात्रि करीब 12 बजे रेलवे ट्रैक को उड़ा दिया। आपको बता दें कि ये घटना लातेहार के रिचुघुटा और देमू स्टेशन के बीच हुई है। इस घटना में रेलवे की अप और डाउन दोनों पटरियां क्षतिग्रस्त हो गई हैं, इस कारण यह रेलमार्ग पूरी तरह से बाधित है।

घटनास्थल से मिला माओवादी का पर्चा
बता दें कि घटना में एक सॉफ्ट डीजल इंजन पटरी से उतर चुका है, जिसकी मरम्मत के लिए कार्य लगातार जारी है। रेलवे के बड़े अधिकारी मौके पर पहुंच चुके है। वहीं बरकाकाना से राहत यान भी लातेहार पहुंच चुका है। लातेहार एसपी अंजनी अंजनी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। आपको बता दें कि रेलवे ट्रैक पर मरम्मती का कार्य सुबह सात बजे से ही जारी है। घटनास्थल से माओवादी का पर्चा भी मिला है, जिसमें लिखा है कि भाकपा माओवादी नेता शीला मरांडी सहित सभी गिरफ्तार माओवादियों को राजनीतिक बंदी का दर्जा दिया जाए। मिले पत्र का मजमून यूं है, ”इस 24 साल से अधिक उम्र के वयोवृद्ध भाकपा (माओवादी) के नेता और नारी-मुक्ति संघ की अध्यक्षा कॉमरेड शिला दी सहित गिरफ्तार किए गए तमाम कॉमरेंडों को राजनीतिक बंदी का दर्जा दो।”

माओवादियों ने की राजनीतिक बंदी की मांग
गौरतलब है कि हाल ही में बिहार-झारखंड के माओवादी सुप्रीम कमांडर प्रशांत बोस और उनकी पत्नी शीला मरांडी समेत कई नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है। माओवादी इन्हें राजनीतिक बंदी का दर्जा दिए जाने की मांग लगातार कर रहे हैं। इसी क्रम में 20 नवंबर को माओवादियों ने भारत बंद का भी ऐलान किया था। इस दौरान लातेहार में रेलवे ट्रैक का उड़ाना उनके ही आंदोलन का नतीजा है। बता दें कि यह पहली घटना नहीं है जब लातेहार में रेल ट्रैक को उड़ाया गया है। रेल पटरी को बम से उड़ाने की घटना लातेहार में रुक-रुककर बार-बार होती रही है।
कई ट्रेने बाधित
लातेहार में इस घटना के कारण बदले कई ट्रेनों के रूट। ट्रेन नंबर 18636, सासाराम-रांची जो सासाराम से 20.11.2021को चलेगी, वो सोननगर- गढ़वा- टोरी के बदले भाया सोननगर – गया- कोडरमा – नेसुबोगोमो – राजाबेरा- मुरी होकर चलेगी। 08310 जम्मू तवी- सम्बलपुर स्पेशल जो 18.11.2021 जम्मू तवी से चली है। गढ़वा- बरकाकाना के बदले भाया गया- कोडरमा-नेसुबो गोमो- राजाबेरा होकर चलेगी। रद्द की गई ट्रेनें–03364 डिहरी आन सोन बरवाडीह स्पेशल, 03362 बरवाडीह- नेसुबोगोमो स्पेशल।