नई दिल्ली : वेब सीरीज तांडव को लेकर छिड़ा बवाल कम होने का नाम नहीं ले रहा है, कम हो भी क्यों क्योंकि इस सीरीज पर हिंदू धर्म को अपमानित करने का आरोप लगा है। गौरतलब है कि इससे पहले हिंदू धर्म को लेकर ऐसे कई फिल्में बन चुके है, जिसे लेकर लगातार विरोध दर्ज किया जाता रहा है। इसके बावजूद भी ये सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।
आपको बता दें कि इसी सिलसिले को लेकर मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि आखिर हर बार हिंदू धर्म ही निशानें पर क्यों आता है। इसके अलावा कभी किसी और धर्म पर टिप्पणी क्यों नहीं की गई। नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि जो भी विषय हिंदू धर्म के खिलाफ होता है उस पर अखिलेश यादव जैसे लोग तांडव करते हैं। मेरा उनसे सवाल है कि आज तक जितनी भी फिल्में बनी हिंदू धर्म के अलावा कभी किसी धर्म पर टिप्पणी की गई क्या?
उन्होंने कहा कि आखिर हिंदू धर्म ही हर बार क्यों निशाने पर आता है, इस पर कोई तांडव करता है और हम विरोध करते हैं तो उन्हें क्यों बुरा लगता है इसका जवाब उन्हें देना चाहिए।
अखिलेश यादव का बयान
आपको बता दें कि सपा नेता अखिलेश यादव ने तांडव वेब सीरीज का समर्थन करते हुए कहा कि सरकार तांडव का तांडव इसलिए कर रही है कि उसे किसानों को जबाब न देना पड़े, नौजवानों के रोजगार का जबाब न देना पड़ जाए। इसलिए इस कार्यक्रम में उलझा कर सरकार रखना चाहती है।
अखिलेश ने कहा था कि भारतीय जनता पार्टी वेब सीरीज तांडव पर इसलिए तांडव कर रही है क्योंकि सरकार नहीं चाहती है कि केंद्र सरकार काले कृषि कानूनों पर लोगों का ध्यान बना रहे। किसान वहां दिल्ली में आंदोलन कर रहे हैं, उन्हें आतंकवादी बताया जा रहा है। उनकी NIA से जांच करा रहे हैं। यह सरकार देश के किसानों को बर्बाद करने का प्रबंध करने के बाद अब आतंकवादी साबित करने में जुट गई है। इसके साथ ही उन्होंने मिर्जापुर वेब सीरीज का मामला उठाया। और मिर्जापुर के बदनामी की बात कहीं।