नई दिल्ली : जम्मू-कश्मीर के त्राल में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी हासिल हुई है, जहां एक एनकाउंटर में आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का टॉप कमांडर शाम सोफी ढेर कर दिया गया। IGP कश्मीर विजय कुमार ने इस बात की जानकारी दी। बता दें कि इससे पहले पुलिस ने बताया कि अवंतीपोरा के त्राल इलाके के तिलवानी मोहल्ला में मुठभेड़ शुरू हुई। पुलिस और सुरक्षाबलों का ऑपरेशन जारी है।
जवाबी कार्रवाई में शुरू हुई मुठभेड़
पुलिस अधिकारी ने कहा कि दक्षिण कश्मीर में पुलवामा जिले के अवंतीपुरा के त्राल इलाके में तिलवानी मोहल्ला वाग्गड़ में आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में सुरक्षा अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने वहां घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया और आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी कर दी, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की और मुठभेड़ शुरू हो गई।
बीते दो दिनों में सुरक्षाबलों ने मार गिराये पांच आतंकी
बीते दो दिनों में सुरक्षाबलों ने पांच आतंकियों को मार गिराया। शोपियां में सोमवार और मंगलवार को सुरक्षाबलों ने ऑपरेशन में पांच आतंकियों को मार गिराया। शोपियां ज़िले के तुलरान और फेरीपोरा इलाके में हुए इन ऑपरेशन में सीआरपीएफ की 178 बटैलियन, राष्ट्रीय राइफल्स और जम्मू कश्मीर पुलिस के जवान शामिल रहे।
टीआरएफ संगठन के तीन आतंकियों को किया गया ढेर
शोपियां में एक मुठभेड़ तुलरान इलाके में हुई, जिसमें लश्कर वाले टीआरएफ संगठन के तीन आतंकियों को ढेर किया गया। यहां एक आतंकी की पहचान मुख्तार शाह के तौर पर हुई, जो गांदरबल का रहने वाला था और श्रीनगर में रेहड़ीवाले वीरेंद्र पासवान की हत्या में शामिल था। हमले के बाद आतंकी भागकर शोपियां में आया था। इसके अलावा दूसरा एनकाउंटर शोपियां के फेरीपोरा इलाके में हुआ। यहां दो आतंकी मारे गए। पिछले 36 घंटे में सुरक्षाबलों ने सात आतंकियों को ढेर किया।