नई दिल्ली : जम्मू-कश्मीर के बारामूला में सीआरपीएफ के एक गश्ती दल पर आतंकियों ने ग्रेनेड से हमला कर दिया। इस हमले में 2 जवान समेत 4 नागरिक घायल हो गए है। जिनका स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद फिलहाल पूरे इलाके में घेराबंदी कर दी गई है। आपको बता दें कि ये हमला बारामूला के पट्टन इलाके में किया गया है।
सीनियर पुलिस अफसर ने बताया कि आतंकियों ने बुधवार को बारामूला के पलहालन चौक सीआरपीएफ पार्टी पर ये हमला किया। इस हमले में 2 सीआरपीएफ जवान और 4 नागरिक जख्मी हो गए। सभी को पास के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
उरी में सेना ने की घुसपैठ की कोशिश को नाकाम
बता दें कि इससे पहले सुरक्षाबलों ने जम्मू कश्मीर के उरी सेक्टर में पाकिस्तानी आतंकियों द्वारा घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया। इलाके में जवानों ने संदिग्ध गतिविधियां देखी थीं। इसके बाद सुरक्षाबलों की ओर से फायरिंग की गई। जवानों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन भी चलाया है।
जम्मू कश्मीर पर दिल्ली में बैठक आज
जम्मू कश्मीर की सुरक्षा स्थिति पर आज दिल्ली में बैठक हो रही है। यह बैठक गृह सचिव अजय कुमार भल्ला के नेतृत्व में हो रही है। 11 बजे शुरू होने वाली इस बैठक में NIA DG, CRPF DG, BSF DG और DGP जम्मू कश्मीर शामिल होंगे।
2021 में अब तक मारे गए इतने आतंकी
गौरतलब है कि इस साल कश्मीर घाटी में सुरक्षा बलों की ओर से कुल 133 आतंकवादी मारे गए हैं। जबकि 38 विदेशियों सहित 150-200 अभी भी सक्रिय हैं। सुरक्षा बलों द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार 38 गैर-स्थानीय आतंकवादी जो ज्यादातर पाकिस्तान से हैं, वर्तमान में जम्मू कश्मीर में सक्रिय हैं। साथ ही ये विदेशी आतंकवादी पूरे जम्मू कश्मीर में फैले हुए हैं और शहरों के साथ-साथ वन क्षेत्र में छिपे हुए हैं।